उदयपुर मे टैक्स प्रोफेशनल्स ने AI से स्मार्ट ऑडिटिंग के गुर सीखे
Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर टैक्स बार एसोसिएशन के तत्वावधान में UCCI भवन में टैक्सेशन, असेसमेंट व बिजनेस ऑपरेशंस में AI विषय पर आयोजित एक दिवसीय विशेष कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए दीपक एरन ने बताया कि कार्यशाला के मुख्य वक्ता एवं जयपुर के AI विशेषज्ञ CA रोहित प्रधान ने सत्र का संचालन करते हुए विभिन्न कर कानूनों के अंतर्गत कानूनी ड्राफ्टिंग, टैक्स नोटिस के सटीक उत्तर तैयार करने, व्यापक डेटा विश्लेषण तथा वित्तीय ऑडिटिंग में एआई टूल्स के व्यावहारिक उपयोग की बारीकियों से रूबरू कराया। उन्होंने उपस्थित पेशेवरों को विस्तार से समझाया कि किस विशिष्ट स्थिति में कौन-सा एआई टूल सर्वाधिक परिणामकारी और उपयोगी सिद्ध होता है।
अध्यक्ष CA दीपक एरन ने यह भी बताया कि आज टैक्स विभागों में आधुनिक तकनीक, ऑटोमेशन और AI का दायरा तेजी से बढ़ रहा है, जिसे देखते हुए टैक्स पेशेवरों के लिए इस अत्याधुनिक तकनीक को अपनाना अनिवार्य हो गया है। कार्यशाला के दौरान यह बात प्रमुखता से रेखांकित की गई कि जनरेटिव AI की मदद से अब मिनटों में जटिल दस्तावेजों का विश्लेषण कर केस-लॉ आधारित कानूनी ड्राफ्ट तैयार किए जा सकते हैं। साथ ही, AI एल्गोरिदम की मदद से हजारों वित्तीय लेन-देन और बैलेंस शीट डेटा को कुछ ही सेकंड में स्कैन कर डेटा विसंगतियों और टैक्स संबंधी गड़बड़ियों का तुरंत पता लगाया जा सकता है। आयकर व जीएसटी विभाग भी इसी तकनीक का उपयोग कर राजस्व कर चोरी का सटीकता से आंकलन कर रहे है।
सचिव CA हातिम कांकरोली वाला ने बताया कि कार्यशाला की दौरान ने यह भी स्पष्ट किया कि AI-आधारित ऑटोमेशन टूल्स से पारंपरिक ऑडिटिंग में लगने वाले हफ्तों के काम को बेहद कम समय और शून्य मानवीय भूल की संभावना के साथ पूरा किया जा सकता है। AI तकनीक अब केवल टैक्स फाइलिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रेडिक्टिव एनालिटिक्स के माध्यम से व्यावसायिक डेटा का सटीक पूर्वानुमान लगाकर कंपनियों को बेहतर वित्तीय निर्णय लेने और बिजनेस ऑपरेशंस को सुव्यवस्थित करने में क्रांतिकारी भूमिका निभा रही है।
सह सचिव व कोषाध्यक्ष CA अंकित जैन ने बताया कि कार्यशाला में वरिष्ठ सदस्यों की उपस्थिति एवं AI के प्रति उनकी जिज्ञासा, उनके उत्साह को परिलक्षित करती है। कार्यशाला में पूर्व अध्यक्ष CA गौतम सुखलेचा, एडवोकेट अमित तिवारी सहित CA गौरव व्यास, एडवोकेट सुनील अग्रवाल, CA सीपी बाल्दी, सीए पंकज जैन, CA सौरभ नागदा, CA शैलेश माहेश्वरी, CA महेश मंडोवरा, CA सुनील सिंघल, CA पंकज नेवटिया, CA सविता गुप्ता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
