छात्रों व शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण सत्र का आयोजन

उद्देश्य बच्चों को अंग्रेजी भाषा का ज्ञान देना और उनकी हैंडराइटिंग सुधारने के गुर सिखाना था

 | 
NIEL

उदयपुर, 29 सितंबर 2025: ज़िले के कोटड़ा में स्थित सेंट मेथ्यूज स्कूल में छात्रों और शिक्षकों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। यह एक दिवसीय शिविर उदयपुर की NIEL संस्था द्वारा आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य बच्चों को अंग्रेजी भाषा का ज्ञान देना और उनकी हैंडराइटिंग सुधारने के गुर सिखाना था।

NIEL संस्थान की निदेशक मेहजबीन मगर ने बताया कि यह प्रशिक्षण सत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला। बच्चों को भाषा सीखने के आसान तरीके, सुंदर हस्तलेखन की ट्रिक्स और आत्मविश्वास के साथ अंग्रेजी बोलने के टिप्स दिए गए।

साथ ही, शिक्षकों को पुराने तरीकों से हटकर नई और आधुनिक शिक्षण तकनीकों के माध्यम से कक्षा को अधिक रोचक और प्रभावी बनाने के उपाय भी समझाए गए।

स्वूल संचालक अभिषेक पंडित ने बताया कि इस सत्र के दौरान मेहजबीन मगर और उनकी टीम ने आधुनिक युग में भाषाई महत्व और अच्छी लिखावट की उपयोगिता और इसके जीवन में लाभ पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर स्कूल प्रबंधक शिव नंदन पंडित, अभिषेक पंडित, प्रिंसिपल शर्ली जेम्स, NIEL की फातेमा भावनगर वाला और फातेमा ताज़ सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।