उदयपुर: शिक्षकों की कमी से परेशान पीपलवास स्कूल के बच्चे कलेक्ट्री पहुंचे, 350 छात्रों की पढ़ाई पर संकट

 | 
Pipalwas School Teacher Problem

 

Udaipur Times, उदयपुर जिले की गिर्वा पंचायत समिति की पीपलवास ग्राम पंचायत स्थित सरकारी स्कूल की खस्ताहाल स्थिति और सुविधाओं के अभाव से परेशान होकर छात्र-छात्राएं और ग्रामीण कलेक्ट्री परिसर पहुंचे। ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने जिला कलेक्टर को अपनी समस्याएं सुनाते हुए स्कूल की बदहाली पर गहरी चिंता जताई और शिकायत सौंपी।

प्रदर्शन और शिकायत के दौरान बच्चों और ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है। वहां पीने के पानी और शौचालय तक की उचित व्यवस्था नहीं है, जिससे रोजाना बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। इसके अलावा स्कूल में अध्यापकों का भी भारी अकाल है। करीब 350 विद्यार्थियों वाले इस स्कूल में कागजों पर तो प्रधानाचार्य समेत कुल आठ शिक्षक तैनात हैं, लेकिन उनमें से कई शिक्षकों की आए दिन अन्य जगहों पर ड्यूटी लगा दी जाती है।

अन्य जगह ड्यूटी लगने के कारण स्कूल में आमतौर पर केवल तीन शिक्षक ही मौजूद रह पाते हैं, जिससे 350 बच्चों की पढ़ाई पर बेहद बुरा असर पड़ रहा है। पढ़ाई चौपट होने से नाराज नौनिहालों और ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से गुहार लगाते हुए जल्द से जल्द स्कूल में शिक्षकों की स्थायी मौजूदगी सुनिश्चित करने और बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने की मांग की है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News