क्या है UGC विवाद, जिस पर मचा हुआ है बवाल
उदयपुर 27 जनवरी 2026। देश में इन दिनों UGC के नए नियमो को लेकर सोशल मीडिया से लेकर राजनैतिक क्षेत्रो में नियमो के पक्ष और विरोध में घमासान छिड़ा हुआ है।
दरअसल, कॉलेजों और यूनिवर्सिटीज में भेदभाव को खत्म करने के उद्देश्य से यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) ने 15 जनवरी 2026 से पूरे देश में नए नियम लागू किए हैं। UGC चाहता है कि किसी भी छात्र के साथ उसकी जाति, जेंडर या बैकग्राउंड की वजह से बुरा बर्ताव न हो। यह नए नियम 2012 के पुराने नियमों की जगह लेंगे। UGC का कहना है कि पुराने कायदे अब आउटडेटेड हो गए थे, इसलिए उन्हें और ज्यादा सख्त और साफ बनाया गया है ताकि हर छात्र को बराबर का सम्मान मिल सके।
क्या है UGC का नया 'इक्विटी' नियम?
UGC के नए नियमों के मुताबिक, अब चाहे सरकारी कॉलेज हो या प्राइवेट यूनिवर्सिटी, हर जगह एक 'Equity Cell' (इक्विटी सेल) बनाना जरूरी होगा। यह सेल एक तरह की अदालत जैसा काम करेगी। अगर किसी छात्र को लगता है कि उसके साथ भेदभाव हुआ है, तो वह यहां जाकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। संस्थान को उस पर तुरंत एक्शन लेना होगा।
नए नियमों के अनुसार, हर विश्वविद्यालय और कॉलेज में अब एससी (SC), एसटी (ST) और ओबीसी (OBC) के लिए समान अवसर प्रकोष्ठ बनाना अनिवार्य होगा। यूनिवर्सिटी लेवल पर एक समानता समिति (Equality Committee) गठित की जाएगी। इस समिति में ओबीसी, महिला, एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के प्रतिनिधियों की मौजूदगी जरूरी होगी। समिति हर 6 महीने में रिपोर्ट तैयार कर UGC को भेजेगी। UGC का कहना है कि इससे शिकायतों की निगरानी, जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ेगी।
आइये जानते है क्या है विवाद ?
OBC वर्ग को शामिल करना
सबसे ज्यादा विवाद इसी तथ्य पर है कि नए नियमों में OBC (अन्य पिछड़ा वर्ग) को भी 'जातिगत भेदभाव' की कैटेगरी में शामिल किया गया है। जनरल कैटेगरी के कई लोगों और छात्रों का मानना है कि OBC को पहले से ही आरक्षण जैसी सुविधाएं मिल रही हैं, ऐसे में उन्हें भी इस कैटेगरी में रखना बाकी छात्रों के साथ अन्याय हो सकता है।
नियमो के दुरूपयोग का खतरा
सोशल मीडिया पर एक बड़ा वर्ग यह कह रहा है कि हमारी यूनिवर्सिटीज पहले ही वर्ल्ड रैंकिंग में पिछड़ रही हैं। ऐसे में सरकार को शैक्षणिक स्तर को सुधारने पर ध्यान देना चाहिए, न कि नए-नए नियम लाकर विवाद बढ़ाना चाहिए। कुछ लोगों को डर है कि इन नियमों के दुरूपयोग का खतरा भी हो सकता है। जहां एक तरफ इन नियमो को पिछड़े वर्गों के लिए सुरक्षा कवच माना जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ इसे लेकर छात्रों के बीच आपसी खींचतान बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
UGC के नए नियमो को लेकर देश के कई हिस्सों में अगड़ी जातियों से जुड़े संगठनों में असंतोष देखने को मिला। विरोध जताने वाले संगठनों का आरोप है कि इस कानून का दुरुपयोग हो सकता है और इसके जरिए अगड़ी जातियों के छात्रों और शिक्षकों को झूठे मामलों में फंसाया जा सकता है। जयपुर में करणी सेना, ब्राह्मण महासभा, कायस्थ महासभा और वैश्य संगठनों ने मिलकर ‘सवर्ण समाज समन्वय समिति (S-4)’ बनाई है, ताकि इस नियम के खिलाफ संगठित आंदोलन किया जा सके।
वहीँ इन नियमो को लेकर सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त बहस चल रही है। अगड़ी जातियों से जुड़े कई यूट्यूबर, इंफ्लुएंसर और एक्टिविस्ट इसे “सवर्ण विरोधी कानून” बता रहे हैं। वहीं दूसरी ओर सामाजिक न्याय समर्थक इसे बराबरी और सम्मान की दिशा में जरूरी सुधार बता रहे हैं।
क्या कहते हैं आंकड़े?
UGC द्वारा संसद और सुप्रीम कोर्ट में पेश आंकड़ों के अनुसार, पिछले 5 वर्षों में जातिगत भेदभाव की शिकायतों में 118.4% की वृद्धि हुई है। वर्ष 2019-20 में 173 शिकायतें दर्ज हुई थीं, जबकि 2023-24 में यह संख्या बढ़कर 378 हो गई। 704 विश्वविद्यालयों और 1553 कॉलेजों से कुल 1160 शिकायतें सामने आईं। UGC ने आधिकारिक आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया है कि पिछले कुछ वर्षों में उच्च शिक्षा में जाति आधारित भेदभाव के मामलों में वृद्धि हुई है। UGC अधिकारियों का कहना है कि इन विनियमों का उद्देश्य रोकथाम और सुधार करना है, न कि दंड देना।
सवर्ण वर्चस्व बनाम सामाजिक न्याय की बहस
आलोचकों का कहना है कि यह कानून सवर्ण समाज को निशाना बनाता है, जबकि समर्थकों का तर्क है कि उच्च शिक्षा संस्थानों में अब भी वंचित वर्गों की भागीदारी 15 प्रतिशत से कम है। एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम लागू हुए 36 साल बीत जाने के बावजूद उत्पीड़न की घटनाएं खत्म नहीं हुई हैं। ऐसे में UGC का यह कदम उन्हें जरूरी सुधार लगता है।
UGC का नया नियम एक सामाजिक और राजनीतिक बहस बन चुका है। यूपी चुनाव 2027 से पहले यह मुद्दा और तेज हो सकता है। सवाल यही है कि क्या यह कानून वाकई समानता की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा या फिर सामाजिक ध्रुवीकरण को और गहरा करेगा। आने वाले समय में इसका असर सिर्फ कैंपस तक नहीं, बल्कि चुनावी राजनीति तक भी साफ दिख सकता है।
Souce: Media Reports
#UGC2026 #UGCNewRules #UGCControversy #EquityCell #EducationReform #HigherEducation #StudentRights #SocialJustice #CasteDiscrimination #SCSTOBC #IndianUniversities #RajasthanNews #UdaipurNews #UdaipurTimes #UdaipurTimesNews #UdaipurTimesOfficial
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
