उदयपुर के गांव की छात्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर हासिल किया तीसरा स्थान

ई-मित्र कियोस्क की प्रेरणा से मिला प्रतिभा को अवसर
 | 
village girl

उदयपुर 16 मई 2026। प्रतिभाओं को सिर्फ अवसर की तलाश होती है, इसके बाद वे अपनी पहचान खुद ब खुद बना लेती हैं। ऐसी एक प्रतिभा है जो 5वीं कक्षा की छात्रा है और उसने राष्ट्रीय स्तर के ओलम्पियाड में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। खास बात यह है कि यह प्रतिभा गांव की है और उसे यह अवसर ई मित्र के माध्यम से मिला।

यह प्रतिभा है कुराबड़ तहसील के भल्लों का गुड़ा गांव की 5वीं कक्षा की छात्रा विधिमा मेघवाल पुत्री पुष्कर मेघवाल। गांव के ब्राइट फ्यूचर एकेडमी की छात्रा विधिमा ने शाइन ओलम्पियाड की राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे भारत में तीसरी रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 

शाइन ओलम्पियाड द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में मेवाड़ ई-कनेक्ट एलएसपी के ई-मित्र कियोस्क के माध्यम से विद्यार्थियों ने भाग लिया था। भल्लों का गुड़ा गांव के ई-मित्र सेवा केन्द्र के संचालक रोशन लाल डांगी ने गांव के कई विद्यार्थियों को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया था। उन्हें भी उपरणा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

छात्रा की इस उपलब्धि पर शाइन संस्था की ओर से मैडल, प्रमाण पत्र एवं उपहार प्रदान किया गया। शाइन संस्था व मेवाड़ ई-कनेक्ट एलएसपी के प्रतिनिधि प्रहलाद रेगर, हर्षित तम्बोली आदि शुक्रवार को विधिमा के गांव पहुंचे और वहां गांव के गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों व विद्यालय स्टाफ की उपस्थिति में विधिमा का सम्मान किया गया।

अतिथि के रूप में उपस्थित सरपंच मांगी मीणा, सचिव शांता कुमारी डांगी, पूर्व जिला परिषद सदस्य रतनलाल वेद ने विधिमा की पीठ थपथपाते हुए कहा कि गांव की बिटिया ने गांव का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर हम सभी को गर्वित किया है। सभी ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विधिमा ने भी सभी का आशीर्वाद लिया और आगे भी खूब पढ़ने की बात कही।

#Udaipur #ShineOlympiad #VidhimaMeghwal #NationalRank #RajasthanNews #StudentAchievement #EMitra #Kurabar #Mewar #EducationNews #VillageTalent #OlympiadSuccess

     

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News