अभिनेत्री अमृता राव ने गीतांजली हॉस्पिटल में एक विशेष कार्यक्रम में लिया हिस्सा

महिलाएं स्वास्थ्य के प्रति रहे हर समय जागरूक: अभिनेत्री अमृता राव

 | 
amrita rao in GMCH

उदयपुर 25 मार्च 2025। गीतांजली मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री अमृता राव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का आयोजन मिताली इवेंट्स के सहयोग से महिलाओं की आत्मशक्ति, स्वास्थ्य और संस्कृति पर जोर देने के लिए किया गया।

अमृता राव का स्वागत गीतांजली हॉस्पिटल के हेड ऑफ मार्केटिंग कल्पेश चन्द रजबार ने किया। अपने संबोधन में अभिनेत्री ने कहा कि हर महिला को सभ्यता और संस्कृति के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने महिलाओं को आह्वान किया कि वे खुद की देखभाल को नजरअंदाज न करें।

इस अवसर पर स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अंजना वर्मा ने अपने 25 वर्षों के अनुभव को साझा करते हुए महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता व लेप्रोस्कोपिक ऑपरेशन के महत्व को बताया| उन्होंने कहा कि नियमित जांच और संतुलित जीवनशैली महिलाओं को कई गंभीर बीमारियों से बचा सकती है।

वहीं, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्या चौधरी ने महिलाओं में होने वाली सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में विस्तार से बताया और लेप्रोस्कोपिक ऑपरेशन की जानकारी दी।

त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. राशी अग्रवाल ने ‘रेनबो प्लेट’ के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि संतुलित और रंग-बिरंगा भोजन त्वचा की सेहत के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने आहार में सभी रंगों के फल-सब्जियों को शामिल करें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और स्वास्थ्य, सौंदर्य व आत्मशक्ति से जुड़ी उपयोगी जानकारियाँ प्राप्त कीं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News