'घिस घिस घिस' गाने ने बनाया खास पल, बेटी को देखकर भावुक हुईं अक्षरा सिंह की मां
Welcome to the Jungle Ghis-Ghis-Ghis Song : भोजपुरी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह इन दिनों अक्षय कुमार के साथ अपने घिस-घिस गाने को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। इसी शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के एक गाने घिस-घिस-घिस में बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानि की अक्षय कुमार के साथ अक्षरा सिंह अपने डांस का जलवा बिखेरती नजर आने वाली हैं। ये गाना इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब ट्रैंड कर रहा है। इस गाने को लेकर सबसे भावुक प्रतिक्रिया अक्षरा सिंह की मां और अभिनेत्री नीलिमा सिंह की रही।
बेटी की सफलता देख छलक पड़े मां के आंसू
बीते दिनों ही अक्षरा सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उनकी मां नीलिमा सिंह पहले 'घिस घिस घिस' गाने पर खुशी-खुशी डांस करती नजर आती हैं। लेकिन कुछ ही पलों बाद वह भावुक हो जाती हैं और अपनी बेटी को गले लगाकर रोने लगती हैं। वीडियो में नीलिमा सिंह अपनी बेटी के माथे को चूमते हुए और आंखों से आंसू पोंछते हुए दिखाई देती हैं। बेटी को बॉलीवुड के बड़े सितारे अक्षय कुमार के साथ स्क्रीन साझा करते देख उनकी खुशी और गर्व साफ नजर आया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
अक्षरा सिंह द्वारा शेयर किया गया यह भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लाखों लोग देख चुके हैं और एक लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। फैंस भी मां-बेटी के इस खास पल की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
अक्षय कुमार के साथ काम करना किसी सपने जैसा
अक्षरा सिंह ने कहा कि उन्हें अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि उन्हें अक्षय कुमार के साथ बॉलीवुड फिल्म में काम करने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। अक्षरा ने अपनी बिहारी पहचान पर गर्व जताते हुए कहा कि इतने बड़े मंच पर भोजपुरी अंदाज के गाने का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों के प्यार और आशीर्वाद की बदौलत ही वह इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं।
'घिस घिस घिस' को मिल रहा शानदार रिस्पॉन्स
'घिस घिस घिस' गाना अपनी देसी और भोजपुरी शैली के कारण दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। गाने में अक्षय कुमार एक भोजपुरिया स्टार के अंदाज में नजर आ रहे हैं। रंग-बिरंगे सेट, दमदार डांस और भोजपुरी तड़के ने इस गाने को सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना दिया है।
कब रिलीज होगी फिल्म?
निर्देशक अहमद खान के निर्देशन में बनी 'वेलकम टू द जंगल' में अक्षय कुमार के अलावा सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, श्रेयस तलपड़े और तुषार कपूर समेत कई सितारे नजर आएंगे। यह फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
