एडल्ट साइट्स पर प्रतिबंध लगाना समस्या का समाधान नहीं - शैफाली ज़रीवाला
उदयपुर 29 फरवरी 2020। महिला अत्याचार और बच्चियों से दुराचार के लिए सोशल साइट्स व एडल्ट साइट पर प्रतिबंध लगा देने से समस्या का हल नहीं होगी। पुरुषों व युवाओं को अपनी सोच में बदलाव लाना होगा। आज सरस्वती का कहीं सम्मान नहीं होता, लक्ष्मी रोड में भीख मांगती हुई नजर आ रही है। यह बात शनिवार को कांटा लगा गर्ल शैफाली जरीवाला ने उदयपुर में कही।
शेफाली ने कहा की नवरात्र में हम माता रानी की पूजा करते हैं और उसी माता के रूप के साथ हम दुराचार व अत्याचार जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। यह सिर्फ सोच का नतीजा है। जब तक आम आदमी की सोच में परिवर्तन नहीं होगा तब तक नियम-कानून से इसे रोका नहीं जा सकता।
वे यहां बलीचा स्थित रामी ग्रुप ऑफ़ होटल्स और अमनगिरि होटल्स एंड रिजॉर्ट्स की साझेदारी में होटल रामी रॉयल के शुभारम्भ अवसर पर आईं। शैफाली ने कहा कि महिलाएं शिक्षित होकर अपनी आवाज बुलंद करें। पढ़ाई करने से आगे फायदा ही होता है। अत्याचार मत सहिए। अत्याचार सहने वाले बुजदिल होते हैं। अत्याचार सहना भी अपराध है। हमेशा महिलाओं के सम्मान के लिए लड़ते रहें। किसी भी महिला का अपमान हो तो महिलाएं विरोध करें।
