बिपाशा बसु और करण ग्रोवर बेटी संग पहुंचे उदयपुर
उदयपुर के ताज़ अरावली रिसॉर्ट में 111 फीट लंबा क्रिसमस ट्री तैयार किया गया है
उदयपुर, 18 दिसंबर 2023। शहर इन दिनों पर्यटकों से गुलज़ार नज़र आ रहा है। अब देशी-विदेशी सैलानियों के साथ बॉलीवुड कलाकार भी उदयपुर घूमने के लिए पहुंच रहे हैं। बॉलीवुड एक्ट्रेस बिपाशा बसु और उनके पति करण सिंह ग्रोवर अपनी डेढ़ साल की बेटी देवी के साथ लेकसिटी पहुंचे जहां 2 दिन उदयपुर में बिताने के बाद सोमवार को वे मुंबई के लिए रवाना हुए। यहाँ वे ताज़ अरावली की वर्षगांठ में शामिल हुए। इस दौरान काफी खूबसूरत माहौल नज़र आ रहा था। उनके वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
इस मौके पर ताज़ अरावली रिसॉर्ट एंड स्पा ने 111 फीट लंबा क्रिसमस ट्री तैयार किया है। इनका दावा है कि ये भारत का अब तक का सबसे ज्यादा उंचाई वाला क्रिसमस ट्री है। इसे बनाने में करीब एक महीने का समय लगा। रिसॉर्ट में 50 लोगों की इन-हाउस टीम ने इसे तैयार किया है। रंग बिरंगी लाइटिंग से जगमग यह क्रिसमस ट्री बेहद आकर्षण का केन्द्र रहा। करण और बिपाशा, बेटी के साथ इस पार्टी में खूब एन्जॉय करते दिखे।
शनिवार को क्रिसमस ट्री लॉन्च किया गया। इसे बनाने में 700 किलोग्राम लोहा, 540 बांस स्टिक्स, 350 बुनी हुई चटाई, 2000 मीटर वायर, 1500 मीटर मलमल का कपड़ा, 1400 एलईडी लाइट्स इस्तेमाल हुई हैं। खास बात ये है कि फेस्टिवल के बाद क्रिसमस ट्री में इस्तेमाल सामग्री से जरूरतमंदों के लिए कंबल बनाकर उन्हें बाटेंगे।
