फोक सिंगर मामे खान के दमदार गीतों पर झूमे उदयपुरराइट्स
उदयपुर विंटर कार्निवल में बॉलीवुड सिंगर असीस कौर और अर्थ बैंड ने दी प्रस्तुति
उदयपुर 8 जनवरी 2023 । शेड्स ऑफ़ उदयपुर एवं कल्ला कृति इवेंट्स के संयुक्त तत्वाधान में उदयपुर विंटर कार्निवल मेले की रविवार को ऑकेजन गार्डन में म्यूजिकल नाइट में फोक सिंगर मामे खान ने अपने गीतों की प्रस्तुति से जमकर सुर्खिंयां बटोरी। मामे ने अपनी प्रस्तुतियों से उदयपुरराइट्स की शाम यादगार बना दी। कार्यक्रम में लाइव रॉक बैंड परफॉर्मेंस में फोक फ्यूजन और बॉलीवुड मेडले का खासा आकर्षण देखने को मिला।
इसके बाद मामे खान ने कई गीतों को लाइव बैंड के साथ पेश कर माहौल में राजस्थानी रंग घोल दिए। उन्होंने पधारो महारो देस, केसरिया बालम, वंदे मातरम, राजस्थान एक्सप्रेस, बलम गीत के अलावा अपना पसंदीदा चौधरी को सुनाकर जमकर तालियां बटोरी। वही बॉलीवुड सिंगर असीस कौर ने तू बन जा गली बनारस की, रतिया लंबिया लंबिया बारिश, चुनर गीत पर प्रस्तुति दी। सीडलिंग पब्लिक स्कूल के बच्चों ने डांस की भी प्रस्तुति दी।
अर्थ बैंड के गीतों पर झूमे उदयपुर के युवा
उदयपुर विंटर कार्निवल के दूसरे दिन रविवार को बॉलीवुड सिंगर के साथ ही उदयपुर के स्थानीय नवोदित कलाकारों को भी मंच दिया गया। उदयपुर के अर्थ बैंड ने अपने गानों की प्रस्तुति देकर युवाओं को झूमने पर मजबूर किया। अर्थ बैंड ने दिल चाहता है, कितना सोना, दमा दम मस्त कलंदर गीतों पर सर्वेश पंवार, निर्भय भाटी, अश्विन व्यास ने प्रस्तुति दी। नवोदित कलाकारों में प्रतीक मेघवाल, हर्ष जोशी, किरण जोशी, संजय पंचाल, धर्म सिंह, विनय वर्मा ने भी विभिन्न बॉलीवुड और राजस्थानी गीतों पर प्रस्तुति दी।
