गरबा नाइट्स में आज भी खूब गूंजता है मलाइका अरोड़ा का 27 साल पुराना ये गाना, हर कोई हो जाता है नाचने को मजबूर
Rangilo Maro Dholna : शारदीय नवरात्रि आते ही पूरे देश में गरबा और डांडिया का जोश छा जाता है। रंग-बिरंगे कपड़ों, ढोल की थाप और थिरकते कदमों के बीच कुछ ऐसे गाने हैं जिनके बिना गरबा की रातें अधूरी लगती हैं। इस मौके पर कई बॉलीवुड गाने बजाए जाते हैं, लेकिन एक खास गाना पिछले 27 सालों से लोगों को नाचने पर मजबूर कर रहा है। खास बात यह है कि इस गाने में मलाइका अरोड़ा और अरबाज खान की शानदार केमिस्ट्री दिखी, जबकि गायिका शुभा मुद्गल की दमदार आवाज़ ने इसे वाकई यादगार बना दिया।
राजस्थानी रंग में रंगा एक सुपरहिट गाना
इस गाने का नाम है 'रंगीलो मारो ढोलना'। यह किसी फिल्म का हिस्सा नहीं था, बल्कि 'प्यार का गीत' नाम के एक म्यूज़िक एल्बम में शामिल था। राजस्थानी शैली में बने इस गाने में लोक संगीत की मिठास और भरपूर ऊर्जा का मेल है। इसकी खासियत है इसकी तेज़ लय और दमदार आवाज़; जैसे ही इसके बोल और संगीत शुरू होते हैं, लोग अपने-आप नाचने लगते हैं। यही वजह है कि इतने सालों बाद भी यह गाना गरबा और डांडिया इवेंट्स में लोगों की पसंद बना हुआ है।
अरबाज और मलाइका की केमिस्ट्री ने सबका दिल जीत लिया
मलाइका अरोड़ा और अरबाज खान 'रंगीलो मारो ढोलना' के म्यूज़िक वीडियो में एक साथ नज़र आए थे। उनकी केमिस्ट्री ने गाने को खास बना दिया। उस समय दोनों पति-पत्नी थे और दर्शकों ने स्क्रीन पर उनकी जोड़ी को बहुत पसंद किया था।