'वेलकम टू द जंगल' के नए गाने ने मचाया धमाल, अक्षय कुमार के साथ रवीना ने किया जमकर डांस

 | 
'वेलकम टू द जंगल' के नए गाने में अक्षय कुमार के साथ डांस करते दिखे बिल गेट्स-एलन मस्क

Welcome to Jungle New Song : मोस्ट अवेटेड कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' की रिलीज में अब सिर्फ दो दिन बाकी हैं। फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इससे पहले मेकर्स ने इसका नया गाना 'तेरा पैसा मेरा पैसा' रिलीज कर दिया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इस गाने में मस्ती, कॉमेडी और ग्लैमर का जबरदस्त कॉम्बिनेशन देखने को मिल रहा है। गाने में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, रवीना टंडन, राजपाल यादव और फरीदा जलाल नजर आ रहे हैं। वहीं वीडियो में दुनिया के दिग्गज उद्योगपति बिल गेट्स और एलन मस्क के पोस्टर भी दिखाई देते हैं, जो इसे और मजेदार बनाते हैं।

कॉमेडी और डांस का तड़का

गाने में रवीना टंडन, दिशा पाटनी और जैकलीन फर्नांडिस शानदार डांस करती नजर आ रही हैं। वहीं अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी की कॉमिक टाइमिंग दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। राजपाल यादव और फरीदा जलाल ने भी अपने अंदाज से गाने में इंटरटेनमेंट का तड़का लगाया है। गाना रिलीज होने के बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दी हैं। कई यूजर्स इसे फिल्म का नया पार्टी एंथम बता रहे हैं।

अक्षय कुमार ने अहमद खान की तारीफ की

गाने के लॉन्च के दौरान अक्षय कुमार ने फिल्म के निर्देशक अहमद खान की जमकर तारीफ की। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा,"वह हमारी फिल्म के चुंबक हैं। इस चुंबक की वजह से इस फिल्म के अंदर 32 कलाकार चिपके हुए थे। अगर ऐसा नहीं होता, तो कोई नहीं चिपकता। यह फिल्म उन्हीं की वजह से बनी है।"

800 से ज्यादा लोगों की थी यूनिट

कार्यक्रम के दौरान अहमद खान से पूछा गया कि इतनी बड़ी स्टारकास्ट को एक साथ संभालना कितना मुश्किल था और क्या किसी कलाकार के सीन कट होने पर कोई परेशानी हुई।इस सवाल पर अक्षय कुमार ने मजाक करते हुए कहा, "पहले यहां सबकी लड़ाई करवा दो!" इसके बाद उन्होंने बताया कि फिल्म की सबसे बड़ी चुनौती कलाकारों और पूरी यूनिट के प्रबंधन की थी। 

अक्षय ने कहा, "हमें सिर्फ लॉजिस्टिक्स की दिक्कत हुई। फिल्म में 34 कलाकार थे और उनके साथ आने वाले लोगों को जोड़ लें तो संख्या करीब 150 हो जाती है। इसके अलावा क्रू मेंबर, घोड़े, घुड़सवार, फाइटर्स, डांसर और जूनियर आर्टिस्ट भी थे। इस तरह हमारी यूनिट में करीब 800 से 900 लोग शामिल थे। फिरोज भाई ने जिस तरह से सब कुछ मैनेज किया, वह वाकई शानदार था।"

26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म

अहमद खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, लारा दत्ता, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, किकू शारदा, डलेर मेहंदी, आफताब शिवदासानी समेत कई कलाकार नजर आएंगे। बड़े स्टारकास्ट, कॉमेडी और मनोरंजन से भरपूर 'वेलकम टू द जंगल' इस साल की सबसे चर्चित कॉमेडी फिल्मों में शामिल है। नए गाने के रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News