पलक मुच्छल के सुरीले नगमों से खूब जमी सिंगर नाइट

 | 
Palak Muchhal Singer Night

 

Udaipur Times, Palak Muchhal Singer Night, Udaipur Diwali Mela 2026:  उदयपुर नगर निगम द्वारा आयोजित विश्वप्रसिद्ध दीपावली मेला 2026 के तीसरे दिन शुक्रवार की शाम पार्श्वगायिका पलक मुच्छल के नाम रही। अपनी सुरीली आवाज और एक से बढ़कर एक लोकप्रिय गीतों से पलक मुच्छल ने शहरवासियों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। टाउन हॉल स्थित मेले के सांस्कृतिक पांडाल में आयोजित सिंगर नाइट में दर्शकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पलक मुच्छल की प्रस्तुतियों पर युवाओं ने जमकर तालियां बजाईं और हूटिंग कर अपनी पसंदीदा गायिका का उत्साहवर्धन किया। पूरा पांडाल संगीत और मनोरंजन के रंग में सराबोर नजर आया।

मंच पर संगीत की शानदार प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। दीपावली मेले के मंच से पलक मुच्छल ने अपनी मधुर आवाज में लोकप्रिय फिल्मी गीतों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी हर प्रस्तुति पर पांडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। एक के बाद एक शानदार गीतों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। युवाओं के साथ ही परिवार सहित मेले में पहुंचे शहरवासियों ने भी कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।

समय से पहले ही खचाखच भर गया पांडाल

नगर निगम मेला संयोजक प्रमोद सामर के अनुसार अपनी चहेती पार्श्वगायिका पलक मुच्छल को नजदीक से सुनने और देखने के लिए युवाओं में खासा उत्साह था। इसी का परिणाम रहा कि कार्यक्रम शुरू होने से काफी समय पहले ही मेला प्रांगण स्थित सांस्कृतिक पांडाल दर्शकों से खचाखच भर गया। बड़ी संख्या में शहरवासी परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। जैसे ही पलक मुच्छल मंच पर पहुंचीं, उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट और जोरदार हूटिंग के साथ उनका स्वागत किया। दर्शकों ने अपने मोबाइल फोन में उनकी प्रस्तुतियों को कैद किया। सुरक्षाकर्मियों ने पूरी व्यवस्था संभालते हुए कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न करवाया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। हर गीत के साथ दर्शकों का जोश और बढ़ता गया।

पलक के आते ही गूंज उठा पांडाल

कई सुपरहिट गानों को अपनी आवाज देने वाली पलक मुच्छल के मंच पर आते ही उदयपुरवासियों ने तालियों की गड़गड़ाहट और जोरदार हूटिंग के साथ उनका स्वागत किया। दर्शकों के इस उत्साह का जवाब पलक मुच्छल ने अपने लोकप्रिय गीत 'कौन तुझे यूं प्यार करेगा' से दिया। इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक खूबसूरत नगमों की प्रस्तुतियां दीं। फिल्म एम.एस. धोनी का लोकप्रिय गीत 'कौन तुझे', आशिकी-2 का 'चाहूं मैं या ना', 'मेरी आशिकी', 'सनम तेरी कसम' का 'तेरे संग यारा' और 'जुम्मे की रात' जैसे लोकप्रिय गीतों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। पलक ने अपनी मधुर आवाज में 'लापता', 'प्रेम रतन धन पायो' और अन्य लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। उनके हर गीत पर युवाओं ने जमकर ठुमके लगाए। कई गीतों के दौरान दर्शकों ने भी पलक के साथ सुर मिलाते हुए गाने गाए। युवा दिलों की धड़कन पलक मुच्छल ने अपनी गायकी के विशेष अंदाज से कम समय में ही संगीत प्रेमियों के बीच अलग पहचान बनाई है। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सोशल मीडिया पर भी उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। पूरी रंगारंग संध्या में पलक ने दर्शकों को शुरुआत से ही बांधे रखा और अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अपनी गायकी से बनाई अलग पहचान

पलक मुच्छल भारतीय पार्श्वगायन जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं। अपनी मधुर आवाज, भावपूर्ण गायकी और रोमांटिक गीतों के लिए उन्होंने देशभर में विशेष पहचान बनाई है। हिंदी फिल्मों के अनेक लोकप्रिय गीतों को अपनी आवाज देने वाली पलक ने कम उम्र में ही संगीत की दुनिया में उल्लेखनीय मुकाम हासिल किया है। उनकी गायकी में भावनाओं और सुरों का खूबसूरत संगम देखने को मिलता है। देश-विदेश में आयोजित संगीत कार्यक्रमों में भी उनकी प्रस्तुतियों को खूब सराहना मिलती रही है। उदयपुर में उनकी प्रस्तुति ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उनके गीतों का जादू संगीत प्रेमियों के सिर चढ़कर बोलता है।

बॉलीवुड को दिए कई यादगार सुपरहिट गीत

पलक मुच्छल ने हिंदी फिल्म संगीत जगत में अपनी मधुर आवाज से विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने आशिकी-2, एम.एस. धोनी:द अनटोल्ड स्टोरी, किक, प्रेम रतन धन पायो, बागी-2, काबिल और अन्य फिल्मों में कई लोकप्रिय गीतों को अपनी आवाज दी है। 'चाहूं मैं या ना', 'मेरी आशिकी', 'कौन तुझे', 'जुम्मे की रात' और 'प्रेम रतन धन पायो' जैसे गीत आज भी संगीत प्रेमियों की पसंद बने हुए हैं। उनकी भावपूर्ण गायकी ने बॉलीवुड संगीत में उन्हें एक अलग मुकाम दिलाया है।

अंजन गुहा ने शुरुवात में छेड़ी अपनी धुन

दीपावली मेले के में शुक्रवार को सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत अंजन गुहा ने अपने लाजवाब गानों से की। अंजन ने मंच से अपनी धमाकेदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इंडियन आइडल फेम अंजन युवाओं में अच्छे लोकप्रिय है।

आज स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

दीपावली मेला 2026 के चौथे दिन शनिवार को नगर निगम का मंच उदयपुर की स्थानीय प्रतिभाओं के नाम रहेगा। शहर की उभरती हुई प्रतिभाएं अपनी गायकी, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हुनर का प्रदर्शन करेंगी। नगर निगम द्वारा स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया जा रहा है, ताकि शहर की प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच मिल सके। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों से दीपावली मेले की सांस्कृतिक संध्या और भी यादगार बनेगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News