सीता किसी राम का इंतजार नहीं करती! दुश्मनों का करने निकली अंत, Alpha ट्रेलर में दिखा दमदार एक्शन
Udaipur Times, Alpha Trailer Release : यशराज फिल्म्स (YRF) की मोस्टअवेटेड स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘अल्फा’ (Alpha) का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म के ट्रेलर में आलिया भट्ट और शरवरी जबरदस्त एक्शन करती नजर आ रही हैं। वहीं बॉबी देओल खतरनाक विलेन के किरदार में दिखाई दे रहे हैं। ट्रेलर के आखिर में ऋतिक रोशन की खास झलक ने फैंस के एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है।
इस ट्रेलर की शुरुआत एक छोटे बच्चे से होती है, जिसे बॉबी देओल का किरदार फतेह ‘सीता’ नाम देता है। इसके बाद वह उसे एक खतरनाक और प्रशिक्षित हत्यारा बनाने के लिए तैयार करता है। समय के साथ यही सीता बड़ी होकर आलिया भट्ट बनती है और अपने ही गुरु के खिलाफ मोर्चा खोल देती है।
आलिया भट्ट का अब तक का सबसे दमदार एक्शन अवतार
ट्रेलर में आलिया भट्ट की आवाज सुनाई देती है, जिसमें वह फतेह को एक दानव बताती हैं जिसने एक राजकुमारी का अपहरण किया था। हालांकि यह कहानी रामायण की सीता से अलग है। यहां सीता किसी राम का इंतजार नहीं करती, बल्कि खुद अपनी लड़ाई लड़ती है और दुश्मनों का सामना करती है। फिल्म में आलिया का अब तक का सबसे दमदार एक्शन अवतार देखने को मिल रहा है। कई हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस ट्रेलर की खासियत हैं।
शरवरी और आलिया की जोड़ी दुश्मनों से मुकाबला करती दिखेगी
फिल्म के टीजर में शरवरी की कम मौजूदगी को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठे थे। हालांकि ट्रेलर में शरवरी को भरपूर स्क्रीन स्पेस दिया गया है। वह आलिया के साथ मिशन पर निकलती नजर आती हैं और दोनों की जोड़ी दुश्मनों से मुकाबला करती दिखती है।
बॉबी देओल बने सबसे बड़े खतरे
फिल्म में बॉबी देओल का किरदार एक पूर्व जासूस का है, जो देश से बदला लेने की ठान चुका है। ट्रेलर में उनका डायलॉग, "इंडिया ने अल्फा की कदर नहीं की, अब इंडिया अल्फा से डरेगा", काफी प्रभावशाली नजर आता है।
उनके किरदार का मुकाबला वही सीता करती है, जिसे उन्होंने खुद तैयार किया था। यही संघर्ष फिल्म की कहानी का मुख्य आधार दिखाई देता है।
फिल्म में ऋतिक रोशन की सरप्राइज एंट्री
ट्रेलर के अंत में YRF स्पाई यूनिवर्स के लोकप्रिय किरदार मेजर कबीर धालीवाल की झलक दिखाई गई है। यह किरदार ऋतिक रोशन निभा रहे हैं। हालांकि ट्रेलर में उनका चेहरा पूरी तरह नहीं दिखाया गया, लेकिन उनकी एक झलक ने ही फैंस को उत्साहित कर दिया है।
YRF Spy Universe की नई कड़ी
‘अल्फा’ YRF स्पाई यूनिवर्स की अगली फिल्म है। इससे पहले इस यूनिवर्स में एक था टाइगर, टाइगर जिंदा है, वॉर, पठान, टाइगर 3 और वॉर 2 जैसी फिल्में आ चुकी हैं। इस फिल्म का निर्देशन शिव रवैल ने किया है, जबकि इसके निर्माता आदित्य चोपड़ा हैं। फिल्म में आलिया भट्ट, शरवरी, बॉबी देओल और अनिल कपूर मेन करैक्टर में नजर आएंगे।
3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी अल्फा
एक्शन और स्पाई थ्रिलर से भरपूर ‘अल्फा’ 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर को सोशल मीडिया पर शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है और फैंस इसे YRF स्पाई यूनिवर्स की सबसे अलग फिल्मों में से एक मान रहे हैं।
