लेक पिछोला के बीच सजेगा शाही मंडप
उदयपुर 21 नवंबर 2025। झीलों का शहर एक बार फिर पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित कर रहा है, क्योंकि अमेरिकी अरबपति उद्योगपति रामा राजू मंटेना की बेटी नेत्रा मंटेना (एलिज़ाबेथ) और अमेरिका मूल के वंसी गडिराजू की रॉयल वेडिंग 21 से 24 नवंबर तक भव्य आयोजनों के साथ शुरू हो गई है। मुख्य विवाह समारोह 23 नवंबर को लेक पिछोला के बीच स्थित जगमंदिर आइलैंड पैलेस में होगा।
शुक्रवार सुबह से विदेशी मेहमान और सेलेब्स का उदयपुर पहुंचना शुरू हो गया। बॉलीवुड स्टार्स माधुरी दीक्षित, जैकलीन फर्नांडीज़, कृति सेनन और सिंगर सोफी चौधरी दोपहर करीब 1 बजे डबोक एयरपोर्ट पहुंचीं। दूल्हा-दुल्हन के परिवार एक दिन पहले ही उदयपुर आए थे।

शादी के समारोहों की शुरुआत 20 नवंबर को वेलकम पार्टी से हुई, जिसका संचालन अभिनेत्री अमायरा दस्तूर ने किया। कार्यक्रम में मंगनियार कलाकारों के लोकगीत और अनोखे एरियल ऐक्ट पेश किए गए, जिसमें एक परफॉर्मर गुब्बारों के सहारे हवा में नृत्य करता नजर आया। शुक्रवार को हल्दी रस्म ताज लेक पैलेस में संपन्न हुई, जबकि शहर के सिटी पैलेस में आज बॉलीवुड परफॉर्मेंस नाइट आयोजित की जा रही है।

सबसे अधिक चर्चित आकर्षणों में से एक है अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की उपस्थिति। वह अपनी पार्टनर के साथ शादी में शामिल होंगे। उदयपुर आने से पहले उन्होंने गुरुवार को आगरा में ताजमहल का दौरा किया और लगभग 45 मिनट स्मारक में बिताए।
आपको बता दे की डोनाल्ड ट्रंप जूनियर अहमदाबाद से उदयपुर पहुँच चुके है। पर्यटन विभाग की उपनिदेशक शिखा सक्सेना और जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने उदयपुर एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया।

शादी में ग्लैमर बढ़ाने के लिए ग्लोबल आइकन्स जेनिफर लोपेज और जस्टिन बीबर के आने की भी उम्मीद है। बताया जा रहा है कि उनके लिए एक स्पेशल परफॉर्मेंस निर्धारित है, हालांकि सुरक्षा कारणों की वजह से उनका शेड्यूल गोपनीय रखा गया है। भारतीय फिल्म जगत से रितिक रोशन, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर सहित कई बड़े सितारों के भी पहुंचने की संभावना है।
रॉयल वेडिंग के लिए उदयपुर के सिटी पैलेस के माणक चौक को दुल्हन की तरह सजाया गया है। यहां रोशनी और फूलों की भव्य सजावट के बीच एक विशाल स्टेज बनाया गया है, जिस पर कलाकार प्रस्तुति देंगे। पिछले तीन-चार दिनों से कलाकार लगातार रिहर्सल कर रहे हैं।
शादी के आयोजनों से पहले सुरक्षा एजेंसियों की टीमों ने उन सभी जगहों का निरीक्षण किया जहां कार्यक्रम होने हैं। डोनाल्ड ट्रंप जूनियर के परिवार सहित आने के कारण सुरक्षा को कई स्तरों पर बढ़ाया गया है। इसी वजह से भारतीय सुरक्षा बलों के साथ-साथ अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की विशेष टीमों ने भी सभी वेन्यू की बारीकी से जांच की है।
उदयपुर एसपी योगेश गोयल ने कहा कि शहर में आयोजित हो रही रॉयल वेडिंग को देखते हुए पूरा उदयपुर अलर्ट पर है। वीआईपी मेहमानों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए हैं और शादी के सभी स्थलों के आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।