इमाम हुसैन की याद में 221 यूनिट रक्तदान

शिविर में पुरुषों के अलावा बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी रक्तदान किया

 | 
blood donation by dawoodi bohra jamaat

उदयपुर 4 जुलाई 2025। करबला के शहीद और पैगंबर ए इस्लाम हज़रत मुहम्मद (स. अ.) के नवासे इमाम हुसैन (अ.स.) की याद में बुधवार 2 जुलाई 2025 (7 मुहर्रम) को बोहरवाड़ी स्थित कम्युनिटी हॉल में दाऊदी बोहरा जमाअत और दी उदयपुर अरबन को ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की ओर से हर साल की तरह रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 221 युनिट रक्तदान किया गया। शिविर में पुरुषों के अलावा बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी रक्तदान किया।

blood donation

रक्तदान शिविर में दी उदयपुर अरबन को ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, हाजी फखरुद्दीन रंग वाला एवं इस्माइल अली दुर्गा द्वारा सहयोग किया गया था। शिविर में नाश्ते का प्रबंध इस्माइल अली दुर्गा की तरफ से किया गया, जहाँ दी उदयपुर अरबन को ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की तरफ से रक्तदाताओ को प्रोत्साहन स्वरुप उपहार भी दिया गया। वहीँ रक्तदाताओ को एचडीएफसी बैंक का भी सहयोग रहा।

blood donation

दाऊदी बोहरा जमाअत के प्रवक्ता मंसूर अली ओड़ा वाला ने बताया की इंसान का खून ही इंसान के काम आता है। इमाम हुसैन ने 1400 साल पहले इंसानियत को ज़िंदा रखने के लिए अपनी और अपने 72 साथियो की क़ुरबानी करबला के मैदान में पेश की। इसी क़ुरबानी के जज़्बे और इंसानियत को कायम रखने के लिए अपने खून का अतिया पेश कर अकीदतमंदो ने इमाम हुसैन को श्रद्धांजलि पेश की। इस वर्ष का रक्तदान शिविर गाज़ा में शहीद हुए बेगुनाहो और मासूम बच्चो को समर्पित किया गया। 

blood donation

उद्घाटन के अवसर पर महाराणा भूपाल अस्पताल के डॉ विपिन माथुर ने बताया कि उन्हें यह जानकारी बड़ी ख़ुशी हुई बोहरा यूथ पिछले 50 वर्षो से अधिक समय से रक्तदान करता आ रहा है। उन्होंने बताया कि रक्तदान मानवता के लिए एक सच्ची सेवा है। इस शिविर में महिला रक्तदाता की बड़ी संख्या पर भी उन्होंने ख़ुशी जताई। उन्होंने रक्तदान पर प्रकाश डालते हुए बताया की रक्तदान एक आसान प्रक्रिया है और रक्तदाता को इस पर गर्व की अनुभूति होती है।  

इनका हुआ सम्मान

बोहरा युथ मेडिकल रिलीफ सोसायटी ने अध्यक्ष अनीस मिंयाजी ने बताया कि मेडिकल और समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी सेवा प्रदान करने वाले अकील अहमद गुरावाला को 31 बार, मुर्तज़ा मगर वाला को 40 बार रक्तदान करने पर एवं समाजसेवी कुलसुम सहारनपुर वाला, डॉ अब्बास हकीम, अल्ताफ अहमद गुरावाला और अंगदान के क्षेत्र में जागरूक पहल करने वाली शमीम आरवी का भी सम्मान किया। मुख्य अतिथियों ने इन सभी हस्तियों को उपरणा ओढ़ाकर एवं मोमेंटो प्रदान कर इन्हे सम्मानित किया।  

blood donation

उक्त शिविर में दाऊदी बोहरा जमात के सेक्रेटरी फ़िरोज़ हुसैन, अध्यक्ष इक़बाल हुसैन रस्सा वाला, उपाध्यक्ष अबरार अहमद कत्था वाला, बोहरा युथ संस्थान के महासचिव यूसुफ अली आर जी एवं उदयपुर नगर निगम के पूर्व उप महापौर पारस सिंघवी ने ब्लड डोनर्स की हौसला अफजाई की। आरएनटी ब्लड बैंक की टीम, सरल ब्लड बैंक की टीम, बोहरा युथ मेडिकल रिलीफ सोसायटी के सचिव सरफ़राज़ राज, शब्बीर टेलर, मोइज़ जरी, ताहिरा राज, आशिक रंग वाला, असगर मोमिन, शब्बीर नासिर, फातिमा बोहरा ने अपना सहयोग प्रदान किया।

blood donation