भारतीय लोक कला मण्डल में आदि महोत्सव कल

दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा

 | 
lok kala mandal

उदयपुर 14 नवम्बर 2023। भारतीय लोक कला मण्डल, उदयपुर में जनजातीय गौरव दिवस पर कल दिनांक 15 नवम्बर को आदि महोत्सव होगा। राजस्थान के जनजाति कलाकार राजस्थान की आदिम एवं लोक संस्कृति का दर्शन करवाएंगे।

भारतीय लोक कला मण्डल, उदयपुर के निदेशक डॉ. लईक हुसैन ने बताया कि भारतीय लोक कला मण्डल,उदयपुर में जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, उदयपुर, जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग, उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आदि महोत्सव के आयोजन अवसर पर राजस्थान के विविध क्षेत्रों के आदिवासी एक मंच पर एकत्रित हो कर अपनी पारम्परिक वेशभूषा में लोक नृत्यों की प्रस्तुति देंगे।

उन्होंने बताया कि 19 वीं शताब्दी के युवा स्वतंत्रता सैनानी एवं आदिवासियों के नेता बिरसा मुण्डा की जयंति को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर गत् वर्ष भी भारतीय लोक कला मण्डल में दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था जिसमें एक दिन आदिवासी कलाकारों ने शहर में भव्य शौभा यात्रा निकाली थी तो दूसरे दिन आदिवासी भज़न एवं लोक नृत्यों की प्रस्तुतियाँ दी गई थी। 

इससे पूर्व गत वर्ष ही कोटड़ा में एक भव्य आदि महोत्सव का आयोजन किया गया था इस राष्ट्रीय आदि महोत्सव में देशभर के कई आदिवासी दलों ने दो दिन कोटड़ा एवं पानरवा में कार्यक्रम किया तो दिनांक 29 सितम्बर 2022 को उक्त कार्यक्रम का समापन समारोह भारतीय लोक कला मण्डल में किया गया। यह समारोह बहुत ही सफल हुआ। इस कार्यक्रम से प्रोत्साहित होकर ही इस वर्ष आदि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।  

इस वर्ष जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले आदि महोत्सव में राजस्थान के 7 आदिवासी कलाकारों के दल कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे। जिसमें बाँसवाडा का गैर नृत्य, बारां जिले का सहरिया स्वांग, खेरवाडा़ का गैर नृत्य, उपलागढ़, आबूरोड़ का वालर गैर नृत्य, अम्बासा झाड़ोल का मावलिया नृत्य, कविता, उदयपुर का गवरी दल एवं आदिवासी कलाकारों द्वारा भवाई नृत्य कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होंगे।

आदि महोत्सव के कार्यक्रम आज सायं 07ः00 बजे से भारतीय लोक कला मण्डल के मुक्ताकाशी रंगमंच पर आयोजित किये जाएगे जिसमें दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News