Udaipur Times, Diwali Mela 2026: उदयपुर नगर निगम दीपावली मेला 2026 में सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्मार्ट सिटी उदयपुर की प्रतिभाओं ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। स्थानीय प्रतिभाओं की प्रस्तुति देखकर उपस्थित दर्शक मंत्रमुग्ध होकर कहने लगे कि उदयपुर केवल स्मार्ट सिटी ही नहीं है बल्कि प्रतिभाओं से भरी सिटी भी है।
नन्हे कलाकारों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों ने किया मनोरंजन।
निगम मेला संयोजक प्रमोद सामर के अनुसार सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत माहिका ने मधुबन में राधिका नाची रे डांस पर धमाकेदार प्रस्तुति देकर किया, उसके बाद देवांश त्रिवेदी ने हल्दीघाटी में समर लड़ियों गाना गा कर मेले के माहौल को मातृ भक्ति से जीवंत कर दिया, कार्यक्रम में दियरा जुनेजा ने क्लासिकल डांस कर दर्शकों को भी अपने साथ झूमने पर मजबूर कर दिया।
एक के बाद एक बेहतरीन प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को बांध कर रख दिया। मच पर नृत्य के बाद संगीत की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। मंच से चेल्सी दाधीच ने केसरिया बना ओ थारी बोली प्यारी लागे गाकर सबके दिलों में प्रेम का ज्वार भर दिया, चेल्सी के बाद तन्वी राव ने किशोर कुमार के गाने से खूब वाहवाही लूटी, राधिका भाटिया ने मंच से कैसे मै मिलाऊं नैन तोसों सजना गाना गाकर मेले का समा बदल दिया।
नगर निगम द्वारा आयोजित दीपावली मेले के दूसरे दिन सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय प्रतिभाओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दी। प्रस्तुतियों में प्रिया गोस्वामी ने ढोलक और तबला के साथ जुगलबंदी करते हुए चुरा लिया है तुमने जो दिल को गीत गाया तो लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।
कार्यक्रम के अगले चरण में कलाकारों ने कई सारे हिट गानों का मेशअप प्रस्तुत किया तो ऐसा लग रहा था मानो तारे जमीन पर उतर आए हो। अनवरत एक से बढ़कर एक प्रतिभाओं ने अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। उपस्थित दर्शकों ने भी स्थानीय प्रतिभागियों का खूब उत्साहवर्धन किया। उम्दा प्रस्तुतियों में पूर्व पार्षद मुकेश शर्मा ने अपनी तो जैसे तैसे गीत गया तो कई दर्शकों ने उन्हें वाहवाही देकर प्रोत्साहित किया। एक ओर जहां गायक ने अपनी प्रस्तुतियों से अमिट छाप छोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी तो वहीं दूसरी ओर डांसरों ने भी मेले में आए मेलार्थियों को चलते हुए रोक दिया। दो दिन स्थानीय प्रतिभाओं को मौका देने के लिए मंच पर कर्तव्य दवे एवं बैंड के ऑरकेस्ट्रा ने योगदान दिया। मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दूसरे दिन स्थानीय प्रतिभाओं की संगीत एवं नृत्य में बेहतरीन प्रस्तुतियों ने चलते कदमों को रोक दिया।
कई चरणों में होता है स्थानीय प्रतिभागियों का चयन
दीपावली मेला कलाकार चयन समिति अध्यक्ष निधि गोधा ने बताया कि स्थानीय प्रतिभागियों का चयन निगम द्वारा बड़ी सावधानी से किया जाता है। निगम महापौर पारस सिंघवी एवं आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर इस प्रक्रिया हेतु विशेष रूप से इस क्षेत्र के अनुभवी निर्णायक द्वारा हर प्रतिभागी की प्रस्तुति का मंच पर प्रस्तुति के पहले ही आडिशन देते समय हर पहलू को ध्यान में रखते हुए आंकलन किया जाता है और चयनित प्रतिभागी को ही मंच पर प्रस्तुति हेतु भेजा जाता है। इस कार्य में निगम कनिष्ठ अधिकारी प्रदीप वैष्णव के साथ विशेष रूप से निगम द्वारा मनमोहन भटनागर, अमित यादव एवं डॉ वीणा लोहार की नियुक्ति की गई जिनको पिछले कई वर्षों का अनुभव भी है।
महापौर पारस सिंघवी ने दिए प्रशस्ति पत्र
नगर निगम दीपावली मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दूसरे दिन भाग लेने वाले प्रतिभागियों ने अपनी अमिट छाप छोड़ी। सभी प्रतिभागियों को निगम महापौर पारस सिंघवी, आयुक्त अभिषेक खन्ना ने प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साह वर्धन किया।
देर रात तक रही खरीददारों की भीड़
दीपावली मेला प्रेस समिति अध्यक्ष प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया कि एक तरफ जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम की फुलझड़ियां चल रही थी तो वही दूसरी ओर मेले में दिन से देर रात तक खरीदारों की खूब भीड़ रही। मेले में आने वाले लोगों ने जमकर खरीदारी की, झूलों का आनंद लिया, मौसम में हल्की गुलाबी ठंडक ने मेले का मजा और बढ़ा दिया है जिससे मेले में बिकने वाले गर्म व्यंजनों की मांग बढ़ गई है। मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन मुस्तैदी से अपनी भूमिका निभा रहा है। मेले में आगंतुकों के लिए पार्किंग की व्यवस्था व्यवस्थित रूप से की गई है जिससे आगंतुकों किसी प्रकार कि समस्याओं का सामना नहीं करना पड़े। मेलार्थियों के लिए टाउन हॉल पार्किंग, श्रमजीवी कॉलेज, आरसीए ग्राउंड एवं कस्तूरबा मातृ मंदिर में व्यवस्थित पार्किंग निःशुल्क उपलब्ध की गई है। साथ ही निगम के सामने वाले रोड पर किसी भी प्रकार का जाम नहीं लगे इसके लिए भी होम गार्ड, सिविल डिफेंस की टीम लगाकर पूरी व्यवस्था की गई है।