दाऊदी बोहरा जमात की सालाना AGM सम्पन्न
सामाजिक विकास की नई योजनाओं पर हुई चर्चा
उदयपुर, 6 अक्टूबर 2025। सुधारवादी बोहरा समुदाय से संबंधित दाऊदी बोहरा जमात की सालाना आम बैठक (AGM) रविवार को कीर की चौकी स्थित द शिखर रिसॉर्ट में सम्पन्न हुई, जिसमें समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सभा में दाऊदी बोहरा जमात के सचिव फ़िरोज़ हुसैन ने जमात से जुड़े सभी इदारों का वर्षभर का सामाजिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया तथा आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी देते हुए समाज के सर्वांगीण विकास के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर आमसभा की स्वीकृति प्राप्त की।

फ़िरोज़ हुसैन ने बताया कि आने वाले समय में समाज के प्रत्येक सदस्य को यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी। साथ ही बच्चों और युवाओं को शिक्षा व खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित करने की योजनाएँ बनाई जा रही हैं।
इस अवसर पर सेंट्रल बोर्ड ऑफ दाऊदी बोहरा कम्युनिटी के संरक्षक आबिद हुसैन अदीब, जोनल सेक्रेटरी हिबतुल्लाह अत्तारी, बोहरा यूथ संस्थान के सचिव युसूफ आरजी, डॉ. ज़ैनब बानु आरवी तथा इस्माइल अली दुर्गा ने भी अपने विचार प्रकट किए।

सभा के समापन पर दाऊदी बोहरा जमात के अध्यक्ष इक़बाल हुसैन रस्सावाला ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान देने हेतु जनाब अब्बास अली नाथ, हुसैनी ब्यावरवाला तथा ग़ज़नफ़र लुक़मानी को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सदस्यों के लिए हाउजी और अन्य मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

