श्रीनाथजी में भक्तिभाव से संपन्न हुआ दीपोत्सव व अन्नकूट महोत्सव

 | 
Annakut Mahotsav

 

Udaipur Times, Nathdwara News:  पुष्टिमार्गीय वल्लभ संप्रदाय की प्रधान पीठ प्रभु श्रीनाथजी की हवेली नाथद्वारा में दीपोत्सव और अन्नकूट का आयोजन अपार श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। वल्लभ कुल भूषण पूज्यपाद तिलकायत श्री और पुष्टिपरायण युवाचार्य श्री विशाल बावा के दिव्य सानिध्य व मार्गदर्शन में मनाए गए इस महोत्सव में संपूर्ण भारतवर्ष की पुष्टि-सृष्टि ने प्रभु के राग, भोग और श्रृंगार के अलौकिक दर्शन कर स्वयं को धन्य माना।

"कालि गोवर्धन पूजा लई बेगी पधारियो...": श्री विशाल बावा ने किया कान जगाई का निर्वाह

दीपावली के पावन पर्व पर श्रीजी प्रभु की हवेली में प्रभु का ग्वाल रूप और गोमाता के प्रति प्रेम जीवंत हो उठा। सायंकाल गोवर्धन पूजा चौक में गोमाता के पधारने पर, तिलकायत महाराजश्री व पुष्टिमार्गीय परंपराओं के प्रबल संवाहक युवाचार्य श्री विशाल बावा ओर श्री लाल बावा ने असीम वात्सल्य और भक्ति-भाव के साथ 'कान जगाई' की प्राचीन परंपरा का निर्वाह किया। श्री लाडले लाल प्रभु की आरती उतारने के पश्चात, श्री विशाल बावा ने गोमाता के कान में अत्यंत प्रेम से निमंत्रण देते हुए कहा— "कान्हा कह्यो गोमाता सूं... कालि गोवर्धन पूजा लई बेगी पधारियो।" तत्पश्चात रतन चौक में हटड़ी में विराजमान प्रभु के अलौकिक दर्शन खुले, जिसने सभी वैष्णवों को भाव-विभोर कर दिया।

सोमवार को अन्नकूट के शुभ अवसर पर दोपहर 2:00 बजे विट्ठलेश राय प्रभु एवं श्री लाडले लाल प्रभु को श्रीजी में पधराया गया। इसके पश्चात पूज्यपाद तिलकायत श्री एवं युवाचार्य श्री विशाल बावा ने गोधन से बने गिरिराज पर्वत के भाव से पूजन किया और आरती उतारी। नंद वंश की गोमाता द्वारा गोवर्धन को गूंदकर इस सजीव परंपरा को साकार किया गया।

भक्ति का चरम उत्कर्ष तब देखने को मिला, जब युवाचार्य श्री विशाल बावा ने अन्नकूट सेवकों के साथ श्रीजी प्रभु की गिरिराज पर्वत के भाव से परिक्रमा की। उनका यह समर्पण और भाव श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत वंदनीय था। श्री विशाल बावा ने स्वयं अपने हाथों से ग्वाल-बालों को थापे लगाकर और उपरना ओढ़ाकर प्रेमपूर्वक विदाई दी।

40-50 क्विंटल चावल का महाभोग और 353 वर्ष पुरानी 'अन्नकूट लूट'

श्रीजी प्रभु की हवेली में अन्नकूट उत्सव का मुख्य भाव प्रभु को महाभोग आरोगना है, जिसका शिखर रूपी चावल (40-50 क्विंटल) सोमयज्ञ की पूर्णाहुति का प्रतीक है। इस महामहोत्सव के मुख्य कर्ता स्वयं वल्लभ कुल के पूज्यपाद तिलकायत महाराजश्री होते हैं।

रात्रि 9:00 बजे अन्नकूट के दर्शन खुले और 10:30 बजे देश-दुनिया में प्रसिद्ध 353 वर्ष पुरानी 'अन्नकूट लूट' (खेंखरा) की भव्य परंपरा का शुभारंभ हुआ। यह परंपरा प्रभु की अपने वनवासी और आदिवासी भक्तों पर असीम कृपा का प्रतीक है। हजारों आदिवासी भाइयों ने रतन चौक एवं डाल तिबारी में पूरे उत्साह से इस महाप्रसाद को लूटा। इन भक्तों के आवागमन और सुविधा के लिए मंदिर मंडल द्वारा पुख्ता व्यवस्था की गई थी।

पूज्यपाद तिलकायत श्री के आशीर्वाद और युवाचार्य श्री विशाल बावा के कुशल एवं भक्तिमय सानिध्य में संपन्न हुआ यह पंच महोत्सव, नाथद्वारा की धर्म-नगरी में प्रभु की कृपा और पुष्टिमार्गीय परंपरा के गौरव का एक और स्वर्णिम अध्याय बन गया है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News