दीपावली मेले की तैयारी को लेकर निगम में बैठक

15 दिवसीय होगा इस वर्ष भी दीपावली मेला, 7 दिन आयोजित होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

 | 
Diwali mela from 19th October to 2nd November
सांस्कृतिक समिति की बैठक में हुए महत्वपूर्ण निर्णय, प्रथम दो दिन मिलेगा स्थानीय प्रतिभाओं को मौका

उदयपुर 18 सितंबर 2023 । नगर निगम उदयपुर सांस्कृतिक समिति की बैठक निगम मिनी मीटिंग हॉल में समिति अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला बोल्या की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष चंद्रकला बोल्या  ने बताया कि नगर निगम प्रांगण में प्रति वर्ष आयोजित होने वाले प्रसिद्ध दीपावली मेले कि तैयारी को लेकर सोमवार को नगर निगम की महत्वपूर्ण बैठक महापौर गोविंद सिंह टाक के निर्देश पर आयोजित की गई जिसमें कई मुद्दों पर निर्णय किए। 

निगम द्वारा आयोजित होने वाला दीपावली मेला अनवरत इस वर्ष भी आयोजित किया जा रहा हैं। प्रतिवर्ष निगम द्वारा शहरवासियों और यहां आने वाले पर्यटकों के स्वस्छ मनोरंजन हेतु 15 दिवसीय दीपावली मेले का आयोजन किया जाता हैं। शहरवासी बेसब्री से इस मेले का इंतजार करते है। बच्चों से लगाकर बड़े इस मेले में अपना मनोरंजन करते है।

15 दिवसीय रहेगा दीपावली मेला

सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष चंद्रकला बोल्या ने बताया कि नगर निगम द्वारा आयोजित होने वाला दीपावली मेला इस वर्ष भी 15 दिवसीय आयोजित किया जाएगा। समिति द्वारा सर्वसम्मति से तय किया गया की मेला 2 नवंबर से से प्रारंभ होकर 16 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम 2 नवंबर से प्रारंभ होंगे जो 8 नवंबर तक संपूर्ण किए जाएंगे। उसके बाद मेले में दुकानें और झूले 16 नवंबर तक लगे रहेंगे।

सात दिवसीय आयोजित होंगे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम

समिति अध्यक्ष बोल्या ने बताया कि प्रसिद्ध दशहरा दीपावली मेले में सात दिवसीय रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में प्रथम 2 दिन उदयपुर की उभरती हुई प्रतिभाओं को यह मंच प्रदान किया जाएगा। इस मंच पर वह अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने आप को प्रसिद्ध कर सकते हैं। स्थानीय प्रतिभाओं को नगर निगम प्रतिवर्ष मंच प्रदान करता है जिससे वह अपनी प्रतिभा की प्रस्तुति कर सके। इसके बाद अन्य 5 दिनों में लाफ्टर नाइट, डांस, कवि सम्मेलन, सिंगर नाइट एवं भजन/गजल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह सभी कार्यक्रम नगर निगम प्रांगण में ही रात्रि को आयोजित किए जाएंगे।

कलाकारों हेतु आमंत्रित होगी निविदा

नगर निगम दशहरा दीपावली मेला में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों हेतु जल्द ही कलाकारों हेतु निविदा आमंत्रित की जाएगी। उसके बाद महापौर गोविंद सिंह टाक, आयुक्त मयंक मनीष एवं उप महापौर पारस सिंघवी के साथ चर्चा कर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

प्रसिद्ध कलाकार होंगे इस बार मेले में

नगर निगम सांस्कृतिक समिति बैठक में सभी समिति सदस्यों द्वारा एक ही मांग की गई की मेले में मनोरंजन हेतु अच्छे से अच्छे कलाकारों को आमंत्रित किया जाए, जिससे शहर वासी पूरी तरह रोमांचित होकर मेले में मनोरंजन कर सके।

बैठक में समित सदस्य अरविंद जारौली, करणमल जारौली, सोनिका जैन, नेहा कुमावत, माधुरी राठौड़ , राजस्व अधिकारी नितेश भटनागर, राजस्व निरीक्षक विजय जैन, राहुल मीणा, कर्मचारी प्रदीप वैष्णव, घनश्याम तावड़ आदि उपस्थित रहे।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News