उदयपुर मे ईद मीलादुन्नबी की रौनक, सैफे मिल्लत ने सीरत-ए-पाक पर डाली रोशनी

 | 
Eid Miladunnabi

 

Udaipur Times, Eid Miladunnabi 2026: उदयपुर के अंजुमन चौक स्थित अंजुमन तालीमुल इस्लाम के सानिध्य में मनाये जा रहे दो दिवसीय जश्ने ईद मीलादुन्नबी के पहले दिन के जलसे का आगाज सोमवार बाद नमाजे इशा कलामे पाक की तिलावत से किया। जलसे का संचालन तंजीमुल उलेमा के सदर मौलाना जुलकरनैन बल्यावी, कयादत खलीफाए हुजूर मुजाहिदे मिल्लत मौलाना आस मोहम्मद मुजाहिदी व मौलाना सोबदार आलम ने किया।

अंजुमन तालीमुल इस्लाम के सदर हाजी मुख्तार कुरैशी व सेक्रेट्री एडवोकेट मुस्तफा शेख ने बताया कि जश्न में बरेली शरीफ से औलादे गौसे आजम खलीफाए ताजुश्शरीआ पीरे तरीकत सैफे मिल्लत सैयद सैफ रजा कादरी ने अपनी तकरीर में बहुत ही बहतरीन अंदाज में पैगम्बरे इस्लाम की सीरत-जीवनी एवं उनके द्वारा दी गई शिक्षाओं के बारे में बयान किया और सरकारे मदीना के चाहने वाले सभी अकीदतमंदों से कहा कि इस दुनिया में एक अच्छे इंसान की मिसाल पेश करने के लिए हर मुसलमान को अपने कदम-कदम पर हुजूर की सीरत और उनकी तालीमात पर अमल करना होगा।

जश्न में नातिया कलाम पेश करने के लिए भिवंडी-मुम्बई से अब्दुल मुस्तफा नूरी ने शिरकत की और हम्द, नात, मनकबत पेश की। कलामे आला हजरत, कलामे ताजुश्शरीआ और सरकार की आमद के तराने व कलामे ताजुश्शरीआ जिन्दगी ये नहीं है किसी के लिए जिन्दगी है - नबी की, नबी के लिए पढ़कर सभी सामाईन को झूमा दिया और सरकार की आमद - मरहबा दिलदार की आमद मरहबा के नारों से पांडाल को गुंजा दिया।

इस अवसर पर शहर भर के कई उलेमा-ए-किराम, मुस्लिम समाज के सैंकड़ों लोगों के साथ-साथ अंजुमन तालीमुल इस्लाम के सदर मुख्तार कुरैशी, सेक्रेट्री मुस्तफा शेख, नायब सदर फारूक कुरैशी, जॉइंट सेक्रेट्री इजहार हुसैन, काबिना मेंबर सैयद इरशाद अली, एडवोकेट आदिल, फिरोज बशीर खान, तनवीर चिश्ती, एडवोकेट तौकिर रजा, अनीस अब्बासी, एडवोकेट शहजाद खान, फखरुद्दीन शेख, इरशाद खान, अनीस रजा व अंजुमन स्टाफ में ऑफिस इंचार्ज अजहर खान, अनीस खान, इरफान अशरफी, अब्दुल वहिद, आफताब आलम, कमर रजा, साजिद रजा शाहिद व अन्य मौजूद रहे।

आज के जलसे में होगी सैफे मिल्लत और मुफ्ती गुलाम जिलानी अजहरी की तकरीरे

मंगलवार रात्रि बाद नमाज ईशा से अंजुमन चौक में खलीफाए ताजुश्शरीआ पीरे तरीकत सैफे मिल्लत सैयद सैफ रजा कादरी बरेली शरीफ व खलीफाए ताजुश्शरीआ व मुहद्दिसे कबीर मुफ्ती गुलाम जिलानी अजहरी खंडवा-मध्यप्रदेश की तकरीर जलसे में शामिल होने वाले अकीदतमंदों के लिए मुख्य आकर्षण रहेगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News