शिल्पग्राम मे ‘शरद रंग’ की पहली शाम बॉलीवूड की ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ दौर के नाम रही
Udaipur Times, Shilpgram Sharad Rang Event: उदयपुर के हवाला ग्राम स्थित शिल्पग्राम का मुक्ताकाशी रंगमंच प्रथम शरद संध्या पर सुरों, संवेदनाओं और स्मृतियों की ऐसी उजली चादर में लिपट गया, जिसमें भारतीय सिनेमा का श्वेत-श्याम दौर फिर से सांस लेता प्रतीत हुआ। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर द्वारा आयोजित चार दिवसीय ‘शरद रंग’ का शुभारंभ नीश एंटरटेनमेंट, पुणे की मनमोहक सांगीतिक प्रस्तुति ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ से हुआ।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि कमिश्नर टीएडी और देवस्थान प्रज्ञा केवलरमानी, विशिष्ट अतिथि महानिदेशक लेखा परीक्षा, अहमदाबाद दीपक कपूर तथा केंद्र निदेशक अश्विन एम दलवी ने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह की शुरुआत की।
'ब्लैक एंड व्हाइट' का आगाज महल फिल्म के 'आयेगा आने वाला...' गीत से हुआ। इस दौरान 1945 से 1968 तक के हिंदी सिनेमा के उस स्वर्णिम काल को समर्पित गीतों ने केवल मनोरंजन ही नहीं किया, बल्कि उस समय के सामाजिक सरोकारों, प्रेम, विरह, उम्मीद और मानवीय रिश्तों से भी दर्शकों को जोड़ दिया। मंच से उठी हर धुन ने मानो बीते हुए समय की बंद खिड़कियां खोल दीं और श्रोताओं को रेडियो के मधुर दिनों तथा पुराने सिनेमाघरों की जादुई दुनिया में पहुंचा दिया।
प्रस्तुति में राज कपूर की सहजता, दिलीप कुमार की भाव-गहनता, देव आनंद की रूमानी अदा, गुरु दत्त की संवेदनशील दृष्टि और अशोक कुमार की अभिनय-स्वाभाविकता की स्मृतियां गीतों के साथ जीवंत हुईं। वहीं, नर्गिस, मधुबाला, मीना कुमारी, नूतन और वहीदा रहमान जैसी अन्य कई नायिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति भी श्रोताओं की कल्पना में उतरती रही।
उसी कालखंड के नौशाद, एस. डी. बर्मन, शंकर-जयकिशन, मदन मोहन, सलिल चौधरी और ओ. पी. नैयर जैसे संगीतकारों की रचनात्मकता की छाप से सजी यह संध्या संगीत की विविध रंगतों से भर उठी। लता मंगेशकर, मोहम्मद रफी, मुकेश, गीता दत्त, तलत महमूद, हेमंत कुमार और आशा भोसले की अमर गायकी की अनुगूंज ने श्रोताओं को देर तक बांधे रखा।
जिसमें कभी दर्द में डूबी पंक्तियां मन को छू गईं, तो कभी चंचल धुनों ने वातावरण में उत्साह घोल दिया। इस दौरान प्रस्तुति की लय और भावाभिव्यक्ति ने हर आयु-वर्ग के श्रोता को समान रूप से जोड़े रखा और अतीत से संवाद कराया।
‘ब्लैक एंड व्हाइट’ की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि उसने पुरानी धुनों को केवल स्मृति के सहारे नहीं छोड़ा, बल्कि उन्हें नई पीढ़ी के लिए भी सहज और अर्थपूर्ण बनाया। प्रस्तुति ने सिद्ध किया कि तकनीक और रंगों के बदलते दौर में भी सच्चे संगीत की संवेदना कभी पुरानी नहीं होती।
मंचीय प्रस्तुति के दौरान दर्शकदीर्घा में तालियों की गूंज और गीतों के साथ उभरती धीमी गुनगुनाहट ने कार्यक्रम की आत्मीयता को और गहरा किया। शिल्पग्राम की खुली फिजा, नवंबर की हल्की ठंडक और सुरों की कोमल रोशनी ने इस सांस्कृतिक शाम को विशेष बना दिया।
'शरद रंग' उत्सव में गुरुवार दोपहर को केंद्र निदेशक अश्विन एम दलवी ने शिल्पांगन में देश के विभिन्न प्रांतों से आई पाक कलाओं की बानगी का शुभारंभ परंपरागत रूप से मौली खोलकर श्री फल और स्वास्तिक की साक्षी से किया।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि 15 नवंबर तक चलने वाले ‘शरद रंग’ में प्रतिदिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विविध व्यंजनों का आनंद भी शहरवासियों और पर्यटकों को मिलेगा। जिसमें आमजन राजस्थान की दाल बाटी चूरमा सहित लखनवी काजू का गलावटी वेज कबाब, ओड़िशा का जगन्नाथ पुरी प्रसाद, पश्चिम बंगाल की पीठा पूली, बिहार का लिट्टी चोखा, हरियाणे का जलेबा, पंजाब का अमृतसरी कुलछा, यूपी की चाट, अवध की मिठास, गुजरात का पातरा, महाराष्ट्र की पूरन पोली और उत्तरा खंड की सेल रोटी चटनी के अलावा नॉन वेज के शौकीन हैदराबादी बिरयानी का भी लुत्फ उठा सकते हैं।
बता दें, शरद रंग में दूसरे दिन 13 नवंबर को सुबह 10 बजे से बंजारा मंच पर स्वाद पर संवाद और शाम 6.30 बजे डॉ. विजय सिद्ध एवं दल द्वारा कहरवा प्रस्तुति होगी।