‘मन कुंतो मौला’ से नुसरत फतेह अली खां स्पेशल तक रूहानी सुरों की चादर में लिपटा शिल्पग्राम

 | 
Harpreet Hasrat Perform at Shilpgram

 

 

Udaipur Times, Event:  उदयपुर के शिल्पग्राम की खुली फिज़ा में शनिवार रात जैसे सुरों की कोई रूहानी दरगाह सज गई। मुक्ताकाशी मंच पर चार दिनी ‘शरद रंग’ उत्सव का पर्दा हरप्रीत सिंह हसरत और उनकी टोली की प्रस्तुति ‘इंब्रेस बाय हसरत’ के साथ इस अंदाज़ में गिरा कि हजारों दिलों में संगीत की मिठास देर तक गूंजती रही।

पंजाब के होशियारपुर से आए हसरत ने अपने बारह कलाकार साथियों के संग ढाई घंटे से अधिक समय तक ऐसी सुरमई महफ़िल सजाई कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर शख्स कभी खामोश होकर सुनता रहा, तो कभी तालियों और ‘वाह-वाह’ से फिज़ा भर देता रहा।

आईजी गौरव श्रीवास्तव के आतिथ्य में शुरू हुई अंतिम शाम की पहली दस्तक ‘हे मन कुंतो मौला’ की रूहानी रचना से हुई। यह केवल गीत की शुरुआत नहीं थी, बल्कि दिलों को भीतर तक छू लेने वाली दुआ जैसी पुकार थी। इसके बाद “ओ रंगरेज, तेरे रंग दरिया में डूबना है, बस तेरा बन के...”  और "सानू इक पल चैन न आवे...." ने महफ़िल का मिज़ाज ऐसा रंगा कि लगा मानो अरावली की गोद में बैठा शिल्पग्राम भी इश्क-ए-हक़ीकी के रंग में नहा गया हो।

हरप्रीत हसरत ने सरल मगर गहरे अल्फ़ाज़ में कहा कि इंसान को उस परम अज्ञात सत्ता का उम्र भर शुक्रगुज़ार रहना चाहिए, जिसने उसे अनगिनत नेमतें दी हैं। उनके मुताबिक, संगीत उस शुक्राने को अदा करने की सबसे नायाब और खूबसूरत ज़ुबान है। इस बात के बाद जब उन्होंने पुराना सूफी कलाम, सूफियाना फिल्मी नगमे, पंजाबी फोक की ‘हीर’ और सूफी गज़लें छेड़ीं, तो मंच और श्रोताओं के बीच की दूरी बिल्कुल मिट गई।

इस मौके पर आईजी गौरव श्रीवास्तव ने आमजन का आह्वान करते कहा कि हम सभी को मिलकर रोड, ड्रग, साइबर एंड विमन सेफ्टी के प्रति हमेशा सजग रहना चाहिए। उन्होंने मैं करां इंतजार तेरा.. गीत का मुखड़ा भी सुनाया।

पब्लिक की फरमाइश पर बुल्लेशाह के कलाम और नुसरत फतेह अली खां स्पेशल पेश हुआ तो महफ़िल अपने उरूज पर पहुंच गई। ढोलक की चंचल थाप, सितार की तासीर, बांसुरी की नरमी, गिटार की ताज़गी और की-बोर्ड के रंगों ने हर रचना को अलग तेवर दिया। कई श्रोता अपनी सीटों पर झूमते दिखे, तो कुछ ने आंखें मूंदकर सुरों को अपने भीतर उतरने दिया-बस, यही वह लम्हा था, जिसे पंजाबी में कहते हैं, “दिलां नूं लग गई गल्ल।”

ग्रुप कॉर्डिनेटर शिवराज के साथ की-बोर्ड पर केशव, सितार पर वरदराज भोंसले, बांसुरी पर भाग्य, गिटार पर हितेश सोलंकी, ढोलक पर श्रेष्ठ परिहार तथा बैकिंग वोकल्स में सचिन समेत सभी कलाकारों ने अपने हुनर से समां बांधे रखा।

केंद्र निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने बताया कि ‘शरद रंग’ के चारों दिन शिल्पग्राम कविता, संगीत और शिल्पांगन के लज़ीज़ स्वादों से आबाद रहा। देश के अलग-अलग प्रांतों की पाक परंपराओं ने भी लोगों को खूब लुभाया। सहायक निदेशक वित्त एवं लेखा दुर्गेश चांदवानी ने चार दिवसीय रिपोर्ट प्रस्तुत कर आभार जताया, जबकि संचालन रजत मेघनानी ने किया। जाते-जाते हर चेहरे पर बस एक ही एहसास था “की शाम सी, दिल खुश हो गया जी!”

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News