Udaipur Times, Event: उदयपुर के शिल्पग्राम में लोक नाट्य कला गवरी का मंचन किया गया, गवरी का मंचन तहसील झाड़ोल के गांव उपली ओरण के मुखिया गौरी शंकर पारगी के दल द्वारा किया गया।
टीआरआई निदेशक ओपी जैन ने बताया कि सितंबर माह में जिले में सहेलियों की बाड़ी, फतहसागर पाल और भारतीय लोककला मंडल में गवरी मंचन करवाया जा चुका है। शिल्पग्राम में हुआ आयोजन इस सीजन की अंतिम गवरी रही।
इस अवसर पर अति निदेशक प्रशासन ओटीसी बंसीधर कुमावत तथा वरिष्ठ कलाकार एवं सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी दिनेश कोठारी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विधिवत पूजा के बाद गवरी दल के मुख्य पात्र शिव के प्रतीक बुडिया, मां पार्वती के प्रतीक राई, गवरी के मुख्य संचालक कुटकुडिया, भोपाजी एवं अन्य दल सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। गवरी मंचन में दल के लगभग 40 से 50 सदस्यों ने पूरे दिन गवरी की विभिन्न घाई एवं लघु नाटिकाओं का प्रदर्शन किया।
धार्मिक एवं पारंपरिक नृत्य-नाटिका का उपस्थित पर्यटकों और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने श्रद्धाभाव से आनंद लिया।