गीतांजली हॉस्पिटल बना वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन 2026 का हेल्थकेयर पार्टनर

 | 
GMCH Vedanta News

 

झीलों की नगरी उदयपुर में आगामी 6 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन में गीतांजली मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल (GMCH) एक बार फिर हेल्थकेयर पार्टनर के रूप में अपनी सहभागिता निभाएगा।

पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी गीतांजली मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल तथा गीतांजली कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी इस प्रतिष्ठित आयोजन को स्वास्थ्य सेवाओं एवं चिकित्सकीय सहयोग के माध्यम से समर्थन प्रदान करेंगे।

इसी क्रम में वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन 2026 के आधिकारिक पोस्टर का लॉन्च किया गया। इस अवसर पर हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश, डॉ. मनोज सोनी तथा गीतांजली मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के मार्केटिंग हेड कल्पेश चंद रजबार सहित आयोजन से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पोस्टर लॉन्च के माध्यम से शहरवासियों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के साथ इस भव्य रनिंग इवेंट में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का संदेश दिया गया।

इंडियाज़ मोस्ट ब्यूटीफुल मैराथनके रूप में प्रस्तुत यह मैराथन उदयपुर की खूबसूरत झीलों, ऐतिहासिक एवं शाही विरासत से जुड़े मार्गों और अरावली की मनोरम पहाड़ियों के बीच आयोजित होगी। प्रतिभागियों को शहर की प्राकृतिक सुंदरता के बीच एक अनूठा रनिंग अनुभव मिलेगा।

मैराथन का आयोजन 6 सितंबर 2026 को फील्ड क्लब, उदयपुर से किया जाएगा। इसमें अलग-अलग आयु एवं फिटनेस स्तर के प्रतिभागियों के लिए 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21.097 किलोमीटर हाफ मैराथन की श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। आयोजन को एम्स (एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन्स एंड डिस्टेंस रेसेज़) से प्रमाणित किया गया है तथा इसे वर्ल्ड एथलेटिक्स से भी मान्यता प्राप्त है।

गीतांजली मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल लंबे समय से शहर में आयोजित खेल, स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता से जुड़े आयोजनों में सक्रिय सहभागिता निभाता रहा है। जिंक सिटी हाफ मैराथन के साथ यह निरंतर सहयोग भी इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य समाज में फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

इस आयोजन के दौरान गीतांजली मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल तथा गीतांजली कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी की ओर से प्रतिभागियों के स्वास्थ्य एवं आवश्यक चिकित्सकीय सहयोग के लिए सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि धावक सुरक्षित एवं बेहतर अनुभव के साथ इस खूबसूरत मैराथन का हिस्सा बन सकें।

--

 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News