Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में गुजरात के केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के तहत निकाली जा रही अखिल भारतीय मोटरसाइकिल रैली ‘Fight Against Drug’ का उदयपुर में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हुआ। झीलों की नगरी में नशामुक्ति का संदेश देने के बाद रैली को हरी झंडी दिखाकर अगले पड़ाव गांधीनगर (गुजरात) के लिए रवाना किया गया।
रैली के उदयपुर पहुंचने पर शुक्रवार शाम सुखेर थाना क्षेत्र के बीएसएफ कैंप, कविता में राइडर्स का पारंपरिक मेवाड़ी संस्कृति के साथ स्वागत किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने रैली के टीम लीडर आईजी एनएसजी अमित पाठक और अन्य अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। रैली के सदस्यों को मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर और ऊपरना ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा सहित पुलिस के अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
शनिवार सुबह विद्याभवन परिसर में नशामुक्ति संवाद के बाद फतहसागर झील की पाल पर मुख्य समारोह आयोजित किया गया। यहां उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव, जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन और अन्य अधिकारियों ने ‘जागृति युवा चेतना, नशामुक्त जीवन’ अभियान के विशेष पोस्टरों का विमोचन किया।
यूनिसेफ के सहयोग से फतहसागर की पाल पर विशाल हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। इसमें पुलिस अधिकारियों, रैली के सदस्यों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने ‘नशे को ना, जीवन को हां’ संदेश के साथ हस्ताक्षर कर नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम स्थल पर उदयपुर पुलिस और यूनिसेफ की ओर से विशेष जागृति फोटो-बूथ लगाया गया। इस पर ‘हाथों में हुनर, आंखों में सपने, नशे से दूर रहें अपने’ और ‘नशे का त्याग, खुशियों का आगाज’ जैसे प्रेरक संदेश प्रदर्शित किए गए।
कॉलेज विद्यार्थियों और जागृति अभियान के सदस्यों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया।
समारोह के अंतिम चरण में पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव और एसपी डॉ. अमृता दुहन ने हरी झंडी दिखाकर मोटरसाइकिल रैली को गांधीनगर के लिए रवाना किया। देशभक्ति के नारों और तालियों के बीच राइडर्स गुजरात की ओर बढ़े। पूरे आयोजन के दौरान यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।