महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन के वर्ष 2026 के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय अलंकरणों की घोषणा
डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ की उपस्थिति में फाउण्डेशन का 42वाँ अलंकरण समारोह आगामी 15 मार्च, 2026, रविवार को सायं 4.30 बजे सिटी पैलेस उदयपुर के माणक चौक प्रांगण में आयोजित होगा
उदयपुर, 20 फरवरी। महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन के वर्ष 2026 के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय अलंकरणों की घोषणा कर दी गई है। अलंकरण समारोह के संयोजक डॉ. मयंक गुप्ता ने बताया कि फाउण्डेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ की उपस्थिति में फाउण्डेशन का 42वाँ अलंकरण समारोह आगामी 15 मार्च, 2026, रविवार को सायं 4.30 बजे सिटी पैलेस उदयपुर के माणक चौक प्रांगण में आयोजित होगा। फाउण्डेशन अपने उद्देश्यों के अनुरूप विगत 41 वार्षिक समारोहों में देश-विदेश की 4,972 विभूतियों एवं मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर चुका है। ये सम्मान उन विशिष्ट व्यक्तित्वों को प्रदान किए जा रहे हैं, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देकर समाज, राष्ट्र और विश्व समुदाय को स्थायी मूल्य प्रदान किए हैं।
कर्नल जेम्स टॉड सम्मान

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय स्तर का कर्नल जेम्स टॉड सम्मान डॉ. मॉली एम्मा एटकिन, अमेरिका को प्रदान किया जाएगा। डॉ. एटकिन सिटी यूनिवर्सिटी ऑफ न्यूयॉर्क में कला इतिहास की एसोसिएट प्रोफेसर हैं और भारतीय लघुचित्र परंपरा, विशेषतः मेवाड़ एवं राजपूत दरबारी चित्रकला की अग्रणी विदुषी मानी जाती हैं।
हल्दीघाटी सम्मान

इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर का हल्दीघाटी सम्मान वरिष्ठ पत्रकार कमलेश किशोर सिंह को प्रदान किया जाएगा। कमलेश किशोर भारतीय मीडिया जगत में तीन दशकों से सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत उन्होंने अल्प आयु में रेजिडेंट एडिटर के रुप में की। बाद में वे इण्डिया टूडे ग्रुप से जुड़े, जहाँ उन्होंने प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण नेतृत्वकारी भूमिकाएँ निभाईं।
महाराणा उदय सिंह सम्मान
इस वर्ष पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान हेतु श्री मरिमुथु योगनाथन को महाराणा उदय सिंह सम्मान से सम्मानित किया जाएगा, जिन्हें देशभर में ‘ट्री मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से जाना जाता है।

आपकी प्रेरणा से हजारों शैक्षणिक संस्थानों में पर्यावरण चेतना का प्रसार हुआ है। उनका जीवन संदेश “एक वृक्ष लगाना आज का कार्य नहीं, कल से किया गया वादा है”, जो सतत् विकास और पारिस्थितिक संतुलन की दिशा में समाज को प्रेरित करता है।
पन्नाधाय सम्मान
निर्धारित दायित्व सीमा से ऊपर उठकर किए गए कार्य के लिए दिया जाने वाला इस वर्ष का पन्नाधाय सम्मान, वर्ष 2017 में 35,000 फीट की ऊँचाई पर एक आपातकालीन प्रसव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले जेट एयरवेज़ की फ्लाइट 9डब्ल्यू 569 के समर्पित क्रू सदस्यों को सामूहिक रूप से प्रदान किया जाएगा।

उक्त सभी सम्मान मेवाड़ की उस चिरंतन भावना का प्रतीक हैं, जिसमें ज्ञान, सेवा, पर्यावरण संरक्षण और मानवीय करुणा को सर्वोच्च मूल्य माना गया है।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि इन अलंकरणों के माध्यम से न केवल विशिष्ट व्यक्तित्वों का सम्मान किया जा रहा है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का एक स्थायी मानदंड भी स्थापित किया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर दिये जाने वाले इन अलंकरणों के तहत प्रत्येक विभूति को एक लाख एक रुपये की राशि, तोरण, शॉल एवं प्रशस्तिपत्र भेंट किए जाएंगे।
उक्त सम्मनों का इतिहास
वर्ष 1996 में स्थापित कर्नल जेम्स टॉड अलंकरण से अब तक मार्क टुली, सर वी. एस. नॉयपॉल, डॉ. चितरंजन एस. राणावत, लुईजी जॉन्जी, एम.एम. कै, सुप्रसिद्ध अभिनेता-निर्माता एवं निर्देशक लार्ड रिचर्ड एटनबरो, अब्बास सादडीवाला, रूडोल्फ दम्पत्ति, सर नून, एन्ड्रयु टॉप्सफिल्ड, मिंजा यांग, प्रो. जोन डी स्मिथ, जे.पी लोस्टी, प्रो डेटन, प्रो. जोन स्ट्रेटन हावले आदि विभूतियों को सम्मानित किया जा चुका है।
वर्ष 1982 में स्थापित हल्दीघाटी अलंकरण से अब तक कर्पूर चन्द्र कुलिश, विनोद दुआ, प्रणव रॉय, मृणाल पाण्डे, कुलदीप नैयर, धर्मवीर भारती एवं मुम्बई के स्वतन्त्र पत्रकार मुजफ्फर हुसैन, शेखर गुप्ता, आलोक मेहता, प्रबलप्रताप सिंह, तवलीन सिंह, संजीव श्रीवास्तव, हरिन्दर बावेजा, गुलाब कोठारी, पियूष पाण्डे, राहुल कंवल, स्वाति चतुर्वेदी, सुहासिनी हैदर, राज चिंगप्पा सहित अनेक हस्तियाँ सम्मानित हो चुकी है।
वर्ष 1996 में स्थापित महाराणा उदयसिंह अलंकरण से अब तक प्रो. वीरभद्र मिश्र, अन्ना हजारे, डॉ. कस्तूरीरंगन, डॉ. तेसी थॉमस जैसी अनेक हस्तियाँ सम्मानित हो चुकी है।
वर्ष 1997 में स्थापित पन्नाधाय अलंकरण से अब तक प्रो. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, श्रीमती अरूणा रॉय, करमबीर सिंह कांग, आम्टे दम्पत्ति, कैप्टन सौंधी, पी.टी. उषा सहित कई विभूतियां सम्मानित हो चुकी हैं।
#MaharanaMewarFoundation #MewarAwards2026 #IndianHeritage #CulturalLeadership #JournalismExcellence #EnvironmentalLeadership #IndiaAwards #CityPalaceUdaipur
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
