मस्तान बाबा का उर्स 20 से 23 अगस्त तक मनाया जाएगा
उदयपुर 16 अगस्त 2025। मस्तान बाबा हजरत अब्दुल रऊफ साहब का 28वां उर्स 20 अगस्त से 23 अगस्त तक बड़े ही अकीदत और सम्मान के साथ मनाया जाएगा। उर्स की शुरुआत 20 अगस्त को परचम कुशाई के साथ होगी। इस दौरान बड़ी संख्या में ज़ायरीन दरगाह पर हाजिरी देंगे और बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
कार्यक्रम के तहत इस वर्ष खास तौर पर कव्वाली की महफिल आयोजित की जाएगी। इसमें उत्तर प्रदेश के भेसोड़ी शरीफ से खानकाई कव्वाल राजा-सरफराज और कपासन, चित्तौड़गढ़ से शब्बीर सदाकत साहब अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कव्वालों की इन प्रस्तुतियों से दरगाह परिसर सूफी रंग में रंग जाएगा और देर रात तक कव्वालियां गूंजती रहेंगी।
आयोजक कमेटी के प्रवक्ता अनीस इक़बाल ने बताया की, उर्स के दिनों में दरगाह परिसर को आकर्षक तरीके से सजाया जाएगा और जायरीनों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस उर्स में उलेमा-ए-कराम की तिलावत, मिलाद शरीफ, कव्वाली और सामूहिक दुआओं के कार्यक्रम होंगे।
माना जा रहा है कि इस बार उर्स में उदयपुर सहित आस-पास के जिलों और अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में ज़ायरीन शिरकत करेंगे।
