geetanjali-udaipurtimes

मॉरीशस के प्रतिनिधि मंडल ने नवलखा महल का किया दौरा

यह वही ऐतिहासिक स्थल है जहां महर्षि दयानन्द सरस्वती ने सत्यार्थ प्रकाश की रचना की थी
 | 

उदयपुर 27 अक्टूबर 2025। मॉरीशस से उदयपुर आये 70 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने नवलखा महल एवं यहां के विविधि प्रकल्पों का अवलोकन किया। इस अवसर पर प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों का श्रीमद् दयानन्द सत्यार्थ प्रकाश न्यास के कोषाध्यक्ष नारायण लाल मित्तल की अगुवानी में उनका उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया गया। 

नारायण लाल मित्तल ने कहा कि नवलखा महल वह भवन है जो मेवाड़ के शासक महाराणा सज्जन सिंह जी के आमंत्रण पर महर्षि दयानन्द सरस्वती ने उदयपुर  साढ़े छह माह रहकर सत्यार्थ प्रकाश का प्रणयन किया था। यह भवन पूर्व में राज्य सरकार के अधीन था जहां राजस्थान सरकार के आबकारी विभाग का गोदाम था तथा पूर्ण जीर्ण-शीर्ण अवस्था में था। 

आर्य समाज के अथक प्रयासों से वर्ष 1993 में यह आर्य समाज को राजस्थान सरकार से प्राप्त हुआ था। आज यहां विभिन्न प्रकल्प यथा आर्यावर्त चित्रदीर्घा, सोलह संस्कार वीथिका, आर्य चलचित्रालय(थियेटर), भारत गौरव दर्शन आधुनिक रूप में वैदिक साहित्य विक्रय केन्द्र, पंच महायज्ञों की पृष्ठभूमि (एफ आर पी रिलीफ) से युक्त स्वागत कक्ष, महर्षि अग्नि, वायु, आदित्य, अंगिरा को समर्पित, वेद व महर्षि द्वारा व्याख्यायित सृष्टि, वेद वृक्ष इत्यादि का निर्माण किया गया है। 

नवलखा महल आज देश ही नहीं अपितु अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी ख्याति स्थापित कर चुका है। मॉरीशस से आये प्रतिनिधि मंडल के हरिदेव रामधनी ने कहा कि नवलखा महल महर्षि दयानन्द की कर्मभूमि व सत्यार्थ प्रकाश की लेखन स्थली है। इस ऐतिहासिक पवित्र भूमि पर आकर हम अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। नवलखा महल में जो प्रकल्प तैयार किए गए हैं वैसे विश्वभर में कहीं नहीं है। आज नवलखा महल का नाम देश ही नहीं वरन् अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर है। इसके लिए मैं यहां के अध्यक्ष एवं उनकी टीम को बधाई देता हूं जिनके प्रयासों से आज नवलखा महल अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी ख्याति स्थापित कर सका है। 

प्रतिनिधि मंडल में आर्य समाज मॉरीशस के पदाधिकारी डॉ. उदयनारायण गंगू, पंडिता राजवंश सालिक, देवेन्द्र जोधन, सलिका  रामा सोमी, राजेन्द्र प्रसाद राम, पंडिता प्रतिमादेवी, सुमेन्द्र रास बिहारी, जयदेव सन्धू, विज्ञान प्रभु, किरण दुलहन सिंह, किरण कुमारी ततारी, जीतेन्द्र पुरुषार्थी, इत्यादि उपस्थित थे। 

इससे पूर्व नवलखा महल आगमन पर प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों का स्वागत श्रीमद् दयानन्द सत्यार्थ प्रकाश न्यास के कोषाध्यक्ष नारायण लाल मित्तल, कार्यालय मंत्री भंवर लाल गर्ग, पुरोहित नवनीत आर्य, लेखाकार दिव्येश सुथार, रमेश पालीवाल, लक्ष्मण, देवीलाल, निरमा, दुर्गा गोरमात, गाइड सिद्धम, करिश्मा एवं नवलखा महल यूथ क्लब की भाग्यश्री शर्मा, उषा एवं कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal