देव प्रबोधनी एकादशी पर उदयपुर में निकली भव्य प्रभात फेरी

 | 
Dev Prabodhini Ekadashi

 

Udaipur Times, Event: उदयपुर मे देव प्रबोधनी एकादशी के पावन अवसर पर आज शुक्रवार, 20 नवंबर को शक्तिनगर क्षेत्र में  एक भव्य एवं ऐतिहासिक प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।

प्रातः 6:00 बजे शक्तिनगर स्थित वैकुण्ठ धाम से गुरुजी शैलेश ब्रिजवानी के सानिध्य में यह धार्मिक यात्रा प्रारंभ हुई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु एवं सेवाधारी संगत के सदस्य शामिल हुए।

मार्ग में जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत और प्रसाद वितरण

प्रभात फेरी के वैकुण्ठ धाम से रवाना होने के पश्चात पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा। यात्रा के दौरान सबसे पहले माता भगवती के मंदिर में प्रभात फेरी का भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात श्री सनातन मंदिर में पूज्य बिलोचिस्तान पंचायत द्वारा फेरी की अगवानी कर अभिनंदन किया गया।

यात्रा आगे बढ़ने पर शक्तिनगर कॉर्नर पर स्थित अंबे माता मंदिर में भी प्रभात फेरी  व श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया, जिसके बाद श्री सनातन धर्म सेवा समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा बिलोचिस्तान भवन के बाहर भव्य स्वागत सत्कार किया गया। पूरे शक्तिनगर क्षेत्र में जगह-जगह भक्तों ने शानदार आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के साथ प्रभात फेरी का स्वागत किया तथा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण भी किया गया।

भजनों की स्वरलहरियों से गूंजा शक्तिनगर

संपूर्ण यात्रा के दौरान  गुरुमैया निकिता  ब्रिजवानी भी महिला संगत के साथ पूरे रास्ते भजन-कीर्तन करते हुए चलीं। श्रद्धालुओं द्वारा भक्तिमय भजनों के गायन में "दर्शन कर लो जी प्रभात फेरी आई है" भजन से और गुरुजी के नाम के गुणगान से समूचा शक्तिनगर क्षेत्र धर्ममय हो गया। क्षेत्र का भ्रमण करने के पश्चात प्रभात फेरी का समापन पुनः शक्तिनगर स्थित सन्त निवास(वैकुण्ठ धाम) पर हुआ, जहाँ सभी भक्तजनों ने सामूहिक प्रार्थना कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

भक्ति और सद्भावना का दिया सन्देश गुरु जी शैलेश ब्रिजवानी ने बताया कि यह आयोजन देव प्रबोधनी एकादशी के आध्यात्मिक महत्व को उजागर करने के साथ ही समाज में भक्ति, एकता और सद्भावना को प्रोत्साहित करता है। 

​

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News