Udaipur Times, Gandhi Jayanti: उदयपुर मे गांधी जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन, नगर निगम एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुलाब बाग स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल पर सर्वधर्म प्रार्थना एवं रामधुन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया।
कार्यक्रम में प्रेम साल्वी एवं उनके सहयोगियों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। भजनों और रामधुन के स्वरों से वातावरण गांधीमय हो गया और उपस्थितजन भाव-विभोर नजर आए।
गांधी और शास्त्री को किया नमन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को नमन किया। उन्होंने दोनों महापुरुषों के आदर्शों एवं सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
महापौर पारस सिंघवी ने उपस्थितजनों को नशामुक्ति एवं स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए समाज को नशे से मुक्त करने तथा स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प कराया।
बाल विवाह के खिलाफ लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता अभियान को भी गति दी गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन ने बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता पोस्टर पर हस्ताक्षर कर इस सामाजिक कुरीति के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में विधायक फूल सिंह मीणा, महापौर पारस सिंघवी, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) जितेन्द्र ओझा एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने नशामुक्ति रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से आमजन को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं स्वच्छ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।