विश्व पृथ्वी दिवस पर जागरूकता रैली निकाली

नुक्कड़ नाटक में दिखा उत्साह, तुलसी के पौधे व सीड बॉल्स का वितरण

 | 

उदयपुर 22 अप्रैल 2026। विश्व पृथ्वी दिवस 2026 के अवसर पर राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, क्षेत्रीय कार्यालय उदयपुर द्वारा शहर भर में विभिन्न जन-जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों का व्यापक आयोजन किया गया। यह समस्त गतिविधियाँ विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, उद्योगों, स्वयंसेवी संगठनों एवं अन्य हितधारकों के सहयोग से संचालित की गईं।

कार्यक्रमों की शुरुआत फतहसागर की पाल पर आयोजित एक जागरूकता रैली से हुई, जिसमें नारायण सेवा संस्थान एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के साथ-साथ विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुँचाया गया। इस अवसर पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

हरित पहल को प्रोत्साहित करने हेतु मैसर्स एनविजन एनवायरो के सहयोग से आमजन को निःशुल्क तुलसी के पौधे एवं सीड बॉल्स वितरित किए गए, जिससे वृक्षारोपण एवं पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा मिला। वाहन प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क प्रदूषण नियंत्रण जांच शिविर आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से आम नागरिकों को वाहन उत्सर्जन मानकों के प्रति जागरूक किया गया। 

विद्यालय स्तर पर शहीद लेफ्टिनेंट अभिनव नागोरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भुवाणा उदयपुर एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गुडली, उदयपुर में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न पर्यावरणीय कार्यशालाओं का आयोजन किया गया, जिनमें रहाडा फाउण्डेशन के सयुंक्त तत्वाधान में सीड बॉल निर्माण एवं प्लास्टिक वेस्ट बोटल्स से उपयोगी वस्तुएँ (जैसे गमले) बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। ये गतिविधियाँ विभिन्न संस्थाओं एवं उद्योगों के सहयोग से आयोजित की गईं।

ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एण्ड हास्पीटल के सहयोग से निःशुल्क स्पाइरोमेट्री (फेफड़ों की जाँच) शिविर एवं औषधि वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों में पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से समस्त राजकीय विद्यालयों में जागरूकता वीडियो एवं प्रस्तुतियाँ प्रसारित की गईं। साथ ही आमजन तक संदेश पहुँचाने हेतु उदयपुर के विभिन्न शोपिंग मॉंल्स एवं सिनेमाघरों में फिल्मों के प्रदर्शन से पूर्व पर्यावरण जागरूकता वीडियो का प्रसारण भी किया गया। 

इसके अतिरिक्त विभिन्न विद्यालयों में वाद-विवाद, चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें उदयपुर सीमेंट वर्क्स लिमिटेड, हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड तथा जावर माइन्स का सहयोग प्राप्त हुआ। इन विविध एवं व्यापक गतिविधियों के माध्यम से राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, उदयपुर ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ किया है तथा जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छ एवं हरित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
 

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal