सिनेमा से रंगमंच तक “Guide-Once again” नाटक का पोस्टर जारी

फिल्म को रंगमंच की ओर से श्रद्धांजलि होगा नाटक

 | 
Guide once again play poster release

उदयपुर 27 अगस्त 2025। मौलिक ऑर्गेनाइजेशन ऑफ क्रिएटिव एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स द्वारा तैयार किए जा रहे नाटक “Guide-Once again” का पोस्टर विमोचन बुधवार को उदयपुर सांसद डॉ मन्नालाल रावत ने किया। 

इस अवसर पर सांसद रावत ने कहा कि यह नाटक उदयपुर की जड़ों और सांस्कृतिक धरोहर से गहराई से जुड़ा हुआ है। देव आनंद अभिनीत प्रसिद्ध फिल्म गाइड (Guide) की अधिकांश शूटिंग उदयपुर और आसपास के क्षेत्रों में हुई थी। 1965 में आई इस फिल्म ने न केवल भारतीय सिनेमा को नया आयाम दिया बल्कि उदयपुर को भी अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाई। ऐसे में इस फिल्म को आधार बनाकर तैयार की जा रही यह नाट्य प्रस्तुति मेवाड़ की गौरवशाली परंपरा और विरासत को पुनः जीवंत करेगी।

विमोचन के दौरान मौलिक संगठन के अध्यक्ष महेश आमेटा, सचिव अनिल दाधीच, सह सचिव रेखा शर्मा, वरिष्ठ कलाकार रमेश नागदा, मनोज जोशी, गौरीकांत शर्मा, जतिन भारवानी, कुलदीप धाबाई, अमित व्यास, शोना मल्होत्रा, यशस्वी श्रीवास्तव, मानस जैन, कमलेश शर्मा, रेखा सोनवाल, पायल मेनारिया तथा अन्य कलाकार उपस्थित थे।

फिल्म को रंगमंच की ओर से श्रद्धांजलि होगा नाटक

नाटक “Guide-Once again” फिल्म “गाइड” को रंगमंचीय श्रद्धांजलि होगी। इसकी कहानी साहित्यकार गौरीकांत शर्मा ने लिखी है जबकि नाट्य रूपांतरण, परिकल्पना और निर्देशन शहर के वरिष्ठ रंगकर्मी शिवराज सोनवाल ने किया है। नाटक के मंचन के दौरान शहर की उभरती गायिका दिविषा घारू लाइव म्यूज़िक की प्रस्तुति देगी। आयोजकों ने बताया कि नाटक की मंचन तिथि और स्थल की घोषणा शीघ्र की जाएगी। इस रंगमंचीय प्रस्तुति से दर्शक एक बार फिर उस जादू को महसूस कर सकेंगे जिसने “गाइड” को कालजयी बनाया और उदयपुर को विश्व मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाई।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News