Press Release | कुवैत में महकी राजस्थान की संस्कृति, प्रवासियों ने मनाया दीपावली मिलन समारोह
UdaipurTimes, 29 November 2026 | Rajasthan Community in Kuwait: राजस्थान फाउंडेशन कुवैत चैप्टर एवं राजस्थान दर्पण एसोसिएशन (RDA) के संयुक्त तत्वावधान में 27 नवंबर को कुवैत के दसमन हॉल में ‘नवसेतु – दीयों से दिलों तक’ दीपावली मिलन समारोह धूमधाम से आयोजित हुआ।
महासचिव सतीश पंचाल ने बताया कि कुवैत में उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, सलूंबर, सिरोही सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों के बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी कामगार, व्यवसायी एवं पेशेवर कार्यरत हैं। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य विदेशी धरती पर राजस्थानी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ प्रवासियों को अपनी मातृभूमि से जोड़े रखना है।

समारोह में भारतीय दूतावास के द्वितीय सचिव बैजनाथ प्रसाद मुख्य अतिथि एवं कुवैती व्यवसायी महदी अलशाक्स विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, गणेश वंदना और भारत-कुवैत के राष्ट्रगान के साथ हुआ।

राजस्थान फाउंडेशन कुवैत चैप्टर एवं RDA के अध्यक्ष डाया लाल कुम्हार ने प्रवासी राजस्थानियों से मातृभूमि के विकास में योगदान देने तथा 10 दिसंबर को जयपुर में राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित प्रवासी राजस्थानी दिवस में भाग लेने की अपील की। राजस्थान फाउंडेशन की आयुक्त मनीषा अरोड़ा का वीडियो शुभकामना संदेश भी प्रसारित किया गया।

मुख्य अतिथि बैजनाथ प्रसाद ने प्रवासी राजस्थानियों की एकजुटता एवं सामाजिक गतिविधियों की सराहना की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह में लोक नृत्य, संगीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। राजस्थानी रजक समाज, लउवा पाटीदार समाज, पीपा क्षत्रिय दर्जी समाज एवं भाटिया समाज के प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया।
आयोजन में लक्ष्मी कच्छवाहा, सोमेंद्र सिंह, दीपिका केदावत, भारत पंचाल, चंदा शर्मा, मोनिका पुरबिया, गोपाल पंचाल, जय केदावत, पुनीत कच्छवाहा सहित समस्त कार्यकारिणी का सहयोग रहा। मंच संचालन सोमेंद्र सिंह एवं चंदा शर्मा ने किया। अंत में महासचिव सतीश पंचाल ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार जताया।