कोटा में 2 से 4 जनवरी तक आयोजित होगा ट्रैवल मार्ट

पर्यटन विभाग एवं होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के बीच ट्रैवल मार्ट हेतु MoU 
 | 

उदयपुर 25 नवंबर 2025 ।  पर्यटन विभाग राजस्थान एवं होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के बीच कोटा (हाड़ोती) में आयोजित होने वाले ट्रैवल मार्ट हेतु जयपुर में एमओयू हस्ताक्षरित किया गया है। यह मार्ट 2 से 4 जनवरी तक आयोजित होगा, जिसका मुख्य उद्देश्य हाड़ोती क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट करना है।

होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के उदयपुर सम्भाग अध्यक्ष राकेश चौधरी ने बताया कि देशभर से आने वाले टूर ऑपरेटर्स को हाड़ोती संभाग के प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करवाया जाएगा, ताकि वे अपने नेटवर्क के माध्यम से इस क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने में सहयोग कर सकें।

पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियार ने बताया कि सरकार राजस्थान में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा आने वाले समय में उदयपुर, जोधपुर सहित अन्य नगरों में भी ट्रैवल मार्ट आयोजित किए जाएंगे।

होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान एवं कोटा सम्भाग अध्यक्ष अशोक महेश्वरी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि हाड़ोती सेक्टर की संभावनाओं को देखते हुए फेडरेशन के सुझाव पर सरकार ने ट्रैवल मार्ट आयोजन को स्वीकृति प्रदान की है।

उदयपुर सम्भाग के महासचिव अंबालाल साहू ने बताया कि इस आयोजन से न केवल प्रदेश में पर्यटक आगमन में वृद्धि होगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार सृजन एवं आर्थिक गतिविधियों में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।

यह कार्यक्रम होटल गणगौर, जयपुर में आयोजित हुआ, जिसमें पर्यटन विभाग एवं होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के लगभग 150 सदस्य उपस्थित रहे।


#RajasthanTourism #Hadoti #Kota #Udaipur #TravelIndia #ExploreRajasthan #IncredibleIndia