उदयपुर मे जल झूलनी एकादश पर निकली 33 गांवों की रामरेवाड़ी

 | 
Ram Rewari in Udaipur

 

 

Udaipur Times, Udaipur Religious Event, Jhaljhulni Ekadash: उदयपुर मे जल झुलनी एकादशी के अवसर पर मंगलवार को मेघवाल समाज निचला गिरवा चौखला के 33 गांवों की ओर से भव्य रामरेवाड़ी एवं शोभायात्रा निकाली गई।

सविना स्थित बाबा रामदेवजी मंदिर से निकली रामरेवाड़ी में 33 गांवों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा और बच्चे शामिल हुए। सविना से जाफल की बाड़ी तक पूरा मार्ग बाबा रामदेवजी के जयकारों और भजनों से गूंजता रहा।

रामरेवाड़ी का आयोजन बाबा रामदेव जीर्णोद्धार एवं मेघवाल समाज सुधार समिति सविना, मेघवाल समाज गिरवा 33 गांव चौखला एवं मेघवाल समाज युवा विकास संगठन के सानिध्य में हुआ। दोपहर बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटना शुरू हो गई। करीब सवा तीन बजे बाबा रामदेवजी को पालकी में विराजमान कर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद रामरेवाड़ी रवाना की गई।

शोभायात्रा उदयपुर-बांसवाड़ा मेगा हाईवे से होते हुए हाड़ी रानी चौराहा होकर जाफल की बाड़ी पहुंची। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पालकी का स्वागत किया और पुष्पवर्षा की। महिलाएं मंगलगीत व भजन गाते हुए चल रही थीं, जबकि युवा हाथों में ध्वज लेकर जयकारे लगाते रहे। ढोल-नगाड़ों और भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते और नृत्य करते नजर आए।

जाफल की बाड़ी में बाबा रामदेवजी को स्नान कराया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने महाआरती की। बाबा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। आयोजन में 33 गांवों के प्रत्येक घर से समाजजनों की भागीदारी रही। धार्मिक आयोजन के साथ समाज की एकजुटता भी देखने को मिली। आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों और युवाओं ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी का लाभ लिया।


 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News