रमज़ान का आगाज़: बोहरा समुदाय ने रखा पहला रोज़ा

आगामी 30 दिनों तक समाजजन रोज़े और इबादत में मशगूल रहेंगे

 | 
Ramazaan 2026

उदयपुर17 फ़रवरी 2026 । पवित्र माह रमजान का महीना दाऊदी बोहरा समुदाय के हिजरी कैलेंडर के अनुसार आज 17 फ़रवरी 2026 बरोज़ मंगलवार शुरू हुआ। इस माह में समाजजन पूरे महीने के रोज़े रख कर सभी पांचो वक्त की नमाज़ मस्जिदों में अदा करते है। इस माह में मस्जिदों में नमाज़ियों की चहल पहल और इफ्तारी के समय मुस्लिम मोहल्लो की रौनक पूरे परवान पर होती है।

दाऊदी बोहरा जमात के प्रवक्ता मनसूर अली ओड़ावाला ने बताया की रसूलपुरा, वजीहपुरा, मोहियदपुरा, खानपुरा, चमनपुरा, खांजीपीर, खारोल कॉलोनी और पुला स्थित हॉल में प्रतिवर्ष की भांति रमज़ान की नमाज़ अदा की जाएगी। इस माह में रोज़े, इबादत, ज़कात और सदका (दान) देने का विशेष महत्व है।

Ramzaan 2026

दाऊदी बोहरा जमाअत के सचिव फ़िरोज़ हुसैन टीन वाला ने बताया कि आज (17 फ़रवरी) से आगामी 30 दिनों तक समाजजन रोज़े और इबादत में मशगूल रहेंगे। सभी मस्जिदों में नमाज़ और इबादत की तैयारियां पूरी कर ली गई है।

वहीँ दाऊदी बोहरा जमाअत के अध्यक्ष इक़बाल हुसैन रस्सावाला ने बताया कि रमज़ान माह में 22 तारीख यानि 10 मार्च 2026 को लैलतुल कद्र की रात मनाई जाएगी जबकि आखिरी जुमा यानि जुमातुल विदा 25 रमज़ान (13 मार्च 2026) को मनाया जायेगा। 30 रोज़े पूरे होने पर ईद उल फ़ित्र का त्यौहार गुरुवार 19  मार्च 2026 को मनाया जायेगा।