संडे ऑन साइकिल अभियान 24 अगस्त को

फतहसागर काला किवाड़ से फिश एक्वेरियम तक साइकिलिंग, रन एंड वॉक का आयोजन होगा

 | 
sunday cycle

उदयपुर 23 अगस्त 2025। शहर में 24 अगस्त 2025 को “संडे ऑन साइकिल अभियान” आयोजित किया जाएगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2019 में फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत की गई थी, जिसका उद्देश्य फिटनेस को लोगों की दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना है। इसी क्रम में “फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज” अभियान चलाया गया था। इसी कड़ी में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा “संडे ऑन साइकिल अभियान” का विशेष संस्करण आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के तहत फतहसागर काला किवाड़ से फिश एक्वेरियम तक साइकिलिंग, रन एंड वॉक का आयोजन होगा। इसके बाद फिश एक्वेरियम परिसर में योगा और जुम्बा जैसी फिटनेस गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। यह कार्यक्रम सुबह 7 बजे से शुरू होगा।

अभियान में राजस्थान पुलिस, आर्म्स बटालियन, खेल विभाग के जिला खेल अधिकारी महेश पालीवाल, मोहम्मद शकील, सुमित, एनसीसी कैडेट्स, स्थानीय साइकिलिंग क्लब, स्थानीय मीडिया, 94.3 दैनिक भास्कर एफएम रेडियो, आधार फाउंडेशन के नारायण चौधरी, फिटनेस समूहों सहित विभिन्न विभागों के कार्मिक, विद्यार्थी और आमजन भाग लेंगे।

पूरे कार्यक्रम के नोडल अधिकारी पुलिस उप अधीक्षक यातायात अशोक आंजना होंगे, जबकि पुलिस निरीक्षक यातायात मदन गहलोत सहायक नोडल अधिकारी रहेंगे। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि फतहसागर पाल की मुख्य सड़क पर वाहन पार्क न करें और यातायात पुलिस को पूरा सहयोग दें।