कहरवा की थाप पर शिल्पग्राम ने सुनी लोक, राग और पाश्चात्य वाद्यों की साझा धड़कन

 | 
Shilpgram

 

Udaipur Times, Udaipur Event: उदयपुर के शिल्पग्राम का मुक्ताकाशी रंगमंच शुक्रवार शाम लोक की सहजता, शास्त्रीय संगीत की गरिमा और पाश्चात्य वाद्यों की आधुनिक ऊर्जा का मिलन-बिंदु बन गया। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर द्वारा आयोजित चार दिवसीय ‘शरद रंग’ उत्सव की दूसरी संध्या में ‘कहरवा फ्यूजन’ ने सुरों का ऐसा पुल रचा, जिस पर मेवाड़ की माटी से लेकर सूफियाना रूह तक एक साथ चलती महसूस हुई।

अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त तबला वादक डॉ. विजय सिद्ध की परिकल्पना और निर्देशन में सजी प्रस्तुति संगीत की विविध परंपराओं के बीच संवेदनशील संवाद बनी। कहरवा की चंचल और गतिमय लय ने गंभीर रागों को भी सहज स्पर्श दिया, जिससे शास्त्रीयता का सौंदर्य आम श्रोताओं तक पहुंचा। कभी लोकधुनों की मिट्टी महकी, तो कभी सितार, तबला और स्वर के बीच ड्रम, गिटार व की-बोर्ड ने नई रंगत भरी।

डॉ. सिद्ध के अनुसार कहरवा विश्व की प्राचीनतम, सर्वाधिक प्रचलित तालों में गिनी जाती है। आठ मात्राओं की इसकी सहज धड़कन लोक की आत्मीयता और शास्त्रीय संगीत के विस्तार को एक-दूसरे का पूरक बनाती है। कार्यक्रम ने इसी विचार को साकार किया, परंपरा को संभालते हुए उसे समकालीन अभिव्यक्ति से जोड़ना।

आरंभ मेवाड़ की सौंधी पहचान, मांड ‘केसरिया बालम’ पर आधारित ‘मांड कहरवा’ से हुआ। आगे राग देस का ‘देस कहरवा’, लोकगीत ‘हिचकी’ पर लोक कहरवा और बुल्ले शाह के सूफियाना कलाम ‘इश्क में सर न दिया’ ने श्रोताओं को भिन्न भावभूमियों से जोड़ा। राग जोग पर आधारित ‘जोग कहरवा’ की गहराई के बाद ‘कहरवा फॉर विक्ट्री’ में वीर रस की ऊर्जा ने वातावरण में उत्साह भर दिया।

राग भोपाली और लोकगीत ‘गोरबंद’ के मेल से सजा ‘भोपाली कहरवा’, अनेक तालवाद्यों की संवादात्मक जुगलबंदी वाला ‘सबरंग कहरवा’ तथा राग यमन पर सूफी रचना ‘छाप तिलक सब छीनी’ का ‘सूफी कहरवा’ संध्या के विशेष पड़ाव बने। श्रोता यहां केवल गीत नहीं सुन रहे थे; वे अनुभव कर रहे थे कि एक ही लय संस्कृति, भाषा और वाद्य-विन्यास की सीमाओं को सहजता से लांघ सकती है।

इस संगीतमय प्रयोग में डॉ. विजय सिद्ध के साथ शास्त्रीय गायक पं. रमेश मेवाल, लोक गायक उस्ताद बुंदू खां लंगा और सितार वादक पं. हरिहरशरण भट्ट ने अपनी विशिष्ट छाप छोड़ी। ड्रम पर योगेश शर्मा, गिटार पर जतिन वर्मा, की-बोर्ड पर एस. वल्लू, मोरचंग व भपंग पर हाकिम खां, खड़ताल पर सोनू खां लंगा तथा ढोलक पर बरकत खां ने पारंपरिक और आधुनिक ध्वनियों को एक सांगीतिक धारा में प्रवाहित किया। हर कलाकार अपनी भाषा में कहरवा की कथा कहता प्रतीत हुआ।

केंद्र निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने बताया कि तबला, सितार, मोरचंग, भपंग, ढोलक और खड़ताल जैसे देशज वाद्यों का ड्रम, गिटार और की-बोर्ड के साथ अभिनव संयोजन इस शाम की खास पहचान रहा। इस प्रस्तुति ने ‘शरद रंग’ के विविध कलारूपों को एक मंच पर संवादरत करने के उद्देश्य को साकार किया।

उत्सव की तीसरी शाम शनिवार, 14 नवम्बर को हास्य कवि सम्मेलन होगा, जिसमें ख्यात हास्य कवि अरुण जैमिनी सहित अन्य रचनाकार अपनी चुटीली रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे।

शिल्पांगन का खाद्य उत्सव भी 15 नवम्बर तक जारी रहेगा, जहां दाल-बाटी-चूरमा से लेकर गलावटी वेज कबाब, जगन्नाथपुरी प्रसाद, पीठा-पुली, हरियाणवी जलेबा, चाट और अवध की मिठास, लिट्टी-चोखा, अमृतसरी कुलछा, पातरा, पूरनपोली, सेल रोटी-चटनी और हैदराबादी बिरयानी सहित देश के विविध प्रांतों के स्वाद आकर्षण बने रहेंगे। इस उत्सव में सायं 6 बजे बाद आमजन का प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News