उदयपुर डांस फेस्टिवल 2026: कलाकारों ने 108 प्रस्तुतियों से बांधा समां

320 से अधिक प्रस्तुतियों से रंगा वाणिज्य सभागार
 | 
Udaipur Dance Festival

 

Udaipur Times, Udaipur Events: 13 जुलाई 2026 । 'चौथे उदयपुर डांस फेस्टिवल 2026' में कला, संस्कृति और प्रतिभा का एक अनूठा संगम देखने को मिला। कथक आश्रम संस्थान एवं उदयपुर डांस फेस्टिवल के संयुक्त तत्वावधान में कॉमर्स कॉलेज के वाणिज्य सभागार में आयोजित इस प्रतिष्ठित महोत्सव में 5 साल के नन्हे बच्चों से लेकर 60 साल तक के बुजुर्ग कलाकारों ने एक साथ मंच साझा किया। 

समन्वयक चंद्रकला चौधरी ने बताया कि एक दिवसीय भव्य फेस्टिवल में देश-विदेश के 320 से अधिक स्टूडेंट्स और कलाकारों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने कुल 108 धमाकेदार प्रस्तुतियां देकर भारतीय और पाश्चात्य संस्कृति की अद्भुत झलक पेश की। मंच पर पारंपरिक राजस्थानी, पंजाबी, मराठी और गुजराती लोक नृत्यों के साथ-साथ शास्त्रीय शैली में कथक, भरतनाट्यम, ओडिसी और आधुनिक दौर के हिप-हॉप, के-पॉप, फ्यूजन, लिरिकल व कंटेपरेरी डांस की शानदार प्रस्तुतियां दी गई। कार्यक्रम का जीवंत मंच संचालन प्रसिद्ध एंकर नितिन दशोरा ने अपने अनूठे अंदाज में किया।

संगीत और नृत्य के क्षेत्र में उदयपुर की पहचान बन चुके इस महोत्सव में कलाकारों को निखारने में वर्कशॉप कंडक्टर पीयूष वसीटा, वैभव पुरोहित, प्रियांशी जोशी और राजीव बापना की अहम भूमिका रही। प्रियंका चौबीसा, सेजल सुहालका, सृष्टि पांडे, अभिषेक पालीवाल, कोमल बारेठ और हर्ष पालीवाल के निर्णायक मंडल ने सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं का चयन किया। 

चंद्रकला चौधरी ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य युवा और जमीनी प्रतिभाओं को एक ऐसा राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है जहाँ वे अपनी कला को निखार सकें। अंत में विपुल श्रीवास्तव, साभी तलरेचा और छवि तलनेजा सहित पूरी टीम ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News