बोहरा समुदाय ने इबादतों और दुआओ में गुज़ारी लैलतुल कद्र की रात
उदयपुर 11 मार्च 2026। दाऊदी बोहरा समुदाय ने रमज़ान माह की सबसे पवित्र रात लैलतुल कद्र (जिन्हे शब् ए कद्र भी कहा जाता है) को पूरी रात मस्जिदों में जागकर इबादत और दुआओ के साथ गुज़ारी। 10 मार्च और 11 मार्च की दरमियानी रात में बीते कल 10 मार्च के सूर्यास्त से लेकर 11 मार्च के सूर्योदय तक समुदाय के लोगो ने शहर की विभिन्न मस्जिदों में इबादत कर अपने गुनाहों की माफ़ी और अपने मुल्क हिंदुस्तान में अमन-चैन और खुशहाली की दुआएं मांगी।
दाऊदी बोहरा जमात के प्रवक्ता मंसूर अली ओड़ा वाला ने बताया की रसूलपुरा, वजीहपुरा, मोहियदपुरा, खानपुरा, चमनपुरा, खांजीपीर की मस्जिदों में और खारोल कॉलोनी और पुला स्थित हॉल में प्रतिवर्ष की भांति लैलतुल कद्र (शबे कद्र) की विशेष नमाज़ अदा की गई। इस अवसर पर सभी इबादतगाह पर विशेष रूप से विद्युत सज्जा की गई और मस्जिदों के अंदर फूलो से आकर्षक सजावट की गई। वहीँ नमाज़ के बाद सभी मस्जिदों में सामूहिक रूप से नियाज़ और सेहरी का इंतेज़ाम किया गया।

लैलतुल कद्र (शबे कद्र) का महत्व
लैलतुल कद्र यानि शबे कद्र एक फाजिल रात हैं इस रात में इबादत को हजारों महीनों की इबादत से बराबर माना जाता है। शबे कद्र के दिन रोज़े, इबादत के साथ विशेषकर ज़कात और सदका (दान) देने का विशेष महत्व है। बोहरा समुदाय के लोग अमूमन इस दिन अपने हिस्से के ज़कात का पैसा अल्लाह की राह में खर्च करते है।

जुम्मातुल विदा 13 मार्च को
दाऊदी बोहरा जमात के सचिव फ़िरोज़ हुसैन ने बताया कि आगामी शुक्रवार 13 मार्च 2026 को आखिरी जुमा यानि जुमातुल विदा की विशेष नमाज़ अदा की जाएगी। आखिरी जुमा यानि जुमातुल विदा की विशेष नमाज़ बोहरवाड़ी स्थित रसूलपूरा, वजीहपुरा, मोहियदपुरा, खानपुरा, चमनपुरा, खारोल कॉलोनी, खांजीपीर तथा पुला स्थित हॉल में अदा करवाई जाएगी।
ईद उल फ़ित्र 19 मार्च को
दाऊदी बोहरा द्वारा प्रचलित मिसरी कैलेंडर के अनुसार रमज़ान माह के 30 रोज़े पूरे होने पर ईद उल फ़ित्र का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ 19 मार्च, 2026 (बरोज़ गुरुवार) को मनाया जायेगा।
#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #Ramadan2026 #LaylatulQadr #ShabEQadr #DawoodiBohra #BohraCommunity #UdaipurMosques #JummatulVida #EidUlFitr2026 #RamadanNights #PeaceAndProsperity #UdaipurUpdates #LocalNewsUdaipur