संभाग स्तरीय अमृता हाट 18 से 24 फरवरी तक गांधी ग्राउंड में

अमृता प्रीमियर लीग रहेगी विशेष आकर्षण

 | 

उदयपुर 3 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार महिला अधिकारिता विभाग द्वारा 7 दिवसीय संभाग स्तरीय अमृता हाट मेले का आयोजन 18 से 24 फरवरी तक भण्डारी दर्शक मण्डप (गांधी ग्राउंड) में आयोजित किया जाएगा। 

संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी ने मंगलवार को अमृता हाट के पोस्टर का विमोचन किया। मेले की तैयारियों को लेकर संभागीय आयुक्त के निर्देशन में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सी.आर. देवासी की अध्यक्षता में आयुक्तालय मिनी सभागार में आयोजन समिति की बैठक हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त देवासी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में महिला स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमी महिलाओं द्वारा तैयार उच्च गुणवत्ता युक्त उत्पादों की बिक्री सुनिश्चित की जाए तथा आगंतुकों के लिए आकर्षक वातावरण बनाया जाए। उन्होंने पंच गौरव थीम पर सेल्फी पॉइंट्स स्थापित करने, प्रभावी प्रचार-प्रसार करने और विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक के दौरान टेंट, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, महिलाओं के भोजन व आवास, मेला स्थल एवं आवास स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अतिरिक्त जिला कलक्टर दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने भी विभागों को पूर्व समन्वय करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मेले में उपलब्ध होंगे हस्तनिर्मित विविध उत्पाद

उपनिदेशक महिला अधिकारिता संजय जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्षिक अमृता हाट का उद्देश्य महिला स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमी महिलाओं द्वारा निर्मित मूल्य संवर्धित उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन और विक्रय के साथ उनकी अलग पहचान स्थापित करना है। अभी तक कुल 110 स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमी महिलाओं की सहभागिता की सहमति प्राप्त हो चुकी हैं। मेले में मूंग पापड़, दलिया, नमकीन, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, रेडिमेड गारमेंट्स, श्रृंगार सामग्री, आचार, गृह सज्जा सामग्री और हैंडीक्राफ्ट सहित अनेक उत्पाद उचित मूल्य पर उपलब्ध होंगे।

सांस्कृतिक संध्या, खेलकूद व जागरूकता सत्र भी

उपनिदेशक जोशी ने बताया कि मेले के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्याएं, जागरूकता सत्र, कठपुतली कार्यक्रम, क्वीज, महिलाओं की विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही 19 से 23 फरवरी तक अमृता प्रीमियर लीग के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं के विभिन्न खेलों का आयोजन प्रस्तावित है, जो मेले का विशेष आकर्षण रहेगा। बैठक में उद्योग विभाग के महाप्रबंधक शैलेन्द्र शर्मा, जिला अग्रणी बैंक अधिकारी संजय गुप्ता एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


 

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal