उदयपुर दिवाली मेला: स्टैंडअप कॉमेडी किंग गौरव गुप्ता ने शहरवासियों को गुदगुदाया
Udaipur Times, Event: उदयपुर नगर निगम द्वारा आयोजित विश्वप्रसिद्ध दीपावली मेला 2026 में रविवार की शाम हास्य और मनोरंजन के नाम रही। स्टैंडअप कॉमेडी किंग गौरव गुप्ता ने अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग, चुटीले अंदाज और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े मजेदार किस्सों के माध्यम से शहरवासियों को खूब हंसाया और गुदगुदाया। उनकी शानदार प्रस्तुति पर टाउन हॉल का पांडाल देर रात तक ठहाकों और तालियों से गूंजता रहा। गौरव गुप्ता ने अपने अनूठे अंदाज में पारिवारिक जीवन, सामाजिक परिस्थितियों और आम आदमी की दिनचर्या से जुड़े प्रसंगों को हास्य के रंग में प्रस्तुत कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
गौरव गुप्ता की कॉमेडी पर खूब लगे ठहाके
कॉमेडी स्टार गौरव गुप्ता ने मंच पर आते ही अपने चिरपरिचित अंदाज में दर्शकों से संवाद स्थापित किया। उनकी कॉमिक टाइमिंग, शानदार पंचलाइन और मजेदार किस्सों ने दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर दिया। उन्होंने रोजमर्रा के जीवन, परिवार, रिश्तों और सामाजिक व्यवहार से जुड़े विषयों को अपने खास अंदाज में प्रस्तुत किया। उनकी हर प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों और ठहाकों के साथ खूब उत्साह दिखाया। कार्यक्रम के दौरान टाउन हॉल में मौजूद दर्शक देर रात तक हास्य के रंग में सराबोर रहे।
कॉमेडी किंग गुप्ता से पहले कमलेश एवं असीम ने बांधा समा
कॉमेडी किंग गौरव गुप्ता के कार्यक्रम से पहले शैलेश लोढ़ा होस्ट करने वाले कार्यक्रम वाह वाह क्या क्या बात है फेम रहे कमलेश दवे एवं पंडित असीम शुक्ला द्वारा धामकेदार प्रस्तुति दी गई। दोनों मैं अपनी हंसी की चासनी में दर्शकों को ऐसे डुबोया कि वह अपनी उंगलियां चाटने लगे। रविवार को मंच से हुई एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को पेट पड़कर हंसने को मजबूर कर दिया।
आज फिर स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच।
दीपावली मेला प्रेस समिति अध्यक्ष प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया कि दीपावली मेले में आज सोमवार को स्थानीय प्रतिभाओं की प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक मंच सजेगा। उदयपुर की उभरती हुई प्रतिभाएं गीत, संगीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। नगर निगम द्वारा स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने की पहल से शहर की प्रतिभाओं को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
कल होगा कवि सम्मेलन, शैलेश लोढ़ा के साथ देश के ख्यातनाम कवि करेंगे कविता पाठ।
मेला अधिकारी एवं नगर निगम उपायुक्त हरि सिंह देवल ने बताया कि नगर निगम द्वारा आयोजित 15 दिवसीय विश्वप्रसिद्ध दीपावली मेले में मंगलवार को आयोजित होने वाले कवि सम्मेलन में शैलेश लोढ़ा के साथ देश के ख्यातनाम कवि अपनी ओजस्वी, हास्य, व्यंग्य और श्रृंगार रस से परिपूर्ण रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को साहित्यिक आनंद प्रदान करेंगे। शहरवासी समय पर निगम मेला प्रांगण में पहुंच अपना स्थान ग्रहण करे।