पुलिस दिवस समारोह 2026 में 140 कर्मियों को सम्मानित किया, रक्तदान शिविर भी
उदयपुर 17 अप्रैल 2026। राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन उदयपुर के परेड ग्राउंड में रेंज स्तरीय पुलिस दिवस समारोह 2026 धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस मुख्यालय, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार आयोजित हुआ।

समारोह की शुरुआत सेरेमोनियल परेड से हुई, जिसकी कमान रिजर्व पुलिस लाइन के पुलिस निरीक्षक गुलाब सिंह के पास रही। महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव ने परेड की सलामी ली।

इसके बाद उत्कृष्ट सेवाओं और सराहनीय कार्य के लिए 140 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें 3 को सर्वोत्तम सेवा चिन्ह, 48 को अति उत्तम सेवा चिन्ह और 62 को उत्तम सेवा चिन्ह प्रशस्ति पत्र के साथ प्रदान किए गए। साथ ही 7 पुलिसकर्मियों को पुलिस सेवा पदक और 20 अधिकारियों-कर्मचारियों को साहसिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में 7 आम नागरिकों और 4 सुरक्षा सखी, ग्राम रक्षक, सीएलजी व यूथ सीएलजी सदस्यों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, गोपाल स्वरूप मेवाड़ा, लखमन राय सहित कई पुलिस अधिकारी, कार्मिक और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव और जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. अमृता दुहन सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेते हुए कुल 63 यूनिट रक्तदान किया।
#Udaipur #RajasthanPolice #PoliceDay2026 #UdaipurPolice #UdaipurNews #CommunityService #BloodDonation
