Udaipur Times, Janmashtami 2026: उदयपुर के प्रताप गौरव केंद्र मे शुक्रवार से भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक सरोकारों से ओतप्रोत श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला महोत्सव का शुभारंभ हुआ।
वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति, उदयपुर के अंतर्गत संचालित प्रताप गौरव केंद्र में आयोजित यह तीन दिवसीय महोत्सव 6 सितंबर तक चलेगा। महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही पूरा परिसर कृष्ण भक्ति, लोक संस्कृति और उत्सवी उल्लास से परिपूर्ण नजर आया।
प्रताप गौरव केंद्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार सुबह 6 बजे पंचामृत अभिषेक के साथ हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान में 45 जोड़ों ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। वैदिक परंपराओं और भक्तिमय वातावरण के बीच हुए अभिषेक से महोत्सव की मंगल शुरुआत हुई।
दोपहर से मेला प्रारंभ हुआ। मेले में खान-पान के साथ हस्तशिल्प, धार्मिक एवं सामाजिक साहित्य तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं के विविध स्टॉल सजाए गए हैं। आकर्षक झूलों और मनोरंजक प्रस्तुतियों ने मेले की रौनक को और बढ़ा दिया है। विशेष रूप से बच्चों के लिए मेला आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। शाम होते-होते बड़ी संख्या में शहरवासी मेले में पहुंचे और विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया।