उदयपुर को तीसरी बार मिलेगी साईकिल पर जंगल के रोमांच की सौगात
उदयपुर, 31 जनवरी 2020। ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए वन विभाग, “ली टूर डी इंडिया तथा बेला बसेरा रिसोर्ट के संयुक्त तत्वावधान में साइकिल पर प्रकृति का त्रिदिवसीय रोमांच ‘पेडल टू जंगल‘ का आगाज 7 फरवरी की सुबह फतहसागर पाल से होगा। उदयपुर में यह तीसरा मौका है जब साईकिल पर जंगल यात्रा का रोमांच का अहसास होगा।
इस आयोजन के मुख्य समन्वयक तथा सेवानिवृत्त मुख्य वन संरक्षक राहुल भटनागर ने बताया कि तीन रात्रि तथा चार दिन के इस अनोखे अभियान के राजस्थान सहित देश के अन्य हिस्सों से चयनित प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। जिनमें साइकिल यात्री 150 किलोमीटर प्रकृति पथ की यात्रा करेंगे।
यह यात्रा विशेष तरह की हाइटेक साइकिलों से तय होगी। ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने व प्रकृति संरक्षण, आजीविका एवं आत्मनिर्भरता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय लोगों को प्रोत्साहित करना आदि यात्रा के प्रमुख उद्देश्य हैं।
भटनागर ने बताया कि इस रोमांचक यात्रा में उदयपुर के आस-पास के ऐतिहासिक महत्व के स्थलों व पर्यटन स्थलों से भी प्रतिभागी रूबरू होंगे। वहीं प्रकृति की गोद में पायी जाने वाली वनस्पतियां, जैव विविधता का रिहर्सल, फोटोग्राफी, बर्ड वॉचिंग आदि भी आकर्षण का केन्द्र होंगे। इस आयोजन के लिए गीतांजलि संस्थान, वंडर सीमेंट, वॉल्केम इंडस्ट्रीज़ तथा आशा देवी हिंगड़ चेरीटेबल ट्रस्ट द्वारा भी सहयोग किया जा रहा है।
पहली बार ‘रश अवर राईड’
भटनागर ने बताया कि ‘पैडल टू जंगल’ के तहत 6 फरवरी को पहली बार ‘रश अवर राइड’ का आयोजन होगा जिसके तहत अपराह्न 3 बजे सभी साइकिल यात्री शहर के विभिन्न रिहायशी इलाकों के माध्य से गुजरते हुए हेरिटेज साइकिल राइड का लुत्फ उठाएंगे। इसमें साइकिल यात्री फतहसागर के देवाली छोर से रवाना होकर रानी रोड, चांदपोल, जगदीश मंदिर होते हुए सिटी पैलेस पहुंचेंगे। जहा सिटीं पैलेस के लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। यहां संक्षिप्त समारोह के बाद घंटाघर, चेतक सर्कल होते हुए पुनः देवाली छोर पहुंचेंगे।