दीपावली मेला में निगम खर्च करेगा 1.25 करोड़ रुपए

निगम में आयोजित हुई महत्वपूर्ण मेला प्रशासनिक समिति की बैठक

 | 
Diwali mela from 19th October to 2nd November

उदयपुर 9 अक्टूबर 2024। शहर का प्रसिद्ध दीपावली मेला नगर निगम द्वारा इस वर्ष बड़ी धूमधाम से मनाया जायेगा, निगम द्वारा इस वर्ष मेले में 1.25 करोड रुपए खर्च करने का लक्ष्य रखा गया है। मेले को लेकर निगम ने अपने स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को महत्वपूर्ण मेला प्रशासनिक समिति की बैठक का भी आयोजन किया गया।

नगर निगम सांस्कृतिक समिति अध्यक्षा चंद्रकला बोल्या ने बताया कि महापौर गोविंद सिंह टाक,आयुक्त राम प्रकाश एवं उप महापौर पारस सिंघवी की उपस्तिथि में बुधवार को नगर निगम की मेला प्रशासनिक समिति की बैठक का आयोजन किया गया जिसमे सभी समिति अध्यक्ष निगम अधिकारी उपस्थित रहे।

विभिन्न समितियां का किया गठन

नगर निगम सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष चंद्रकला बोल्या ने बताया कि दशहरा दीपावली मेले की तैयारी को लेकर बुधवार को संपन्न हुई मेला प्रशासनिक समिति की बैठक में विभिन्न समितियां का गठन किया गया। मेले को लेकर सभी कार्यों का विभाजन भी किया गया है। जल्द ही सभी मेला समिति अध्यक्षों को अपनी-अपनी समितियां की बैठक आयोजित कर मेले की तैयारी को अंतिम चरण में पहुंचाने के निर्देश महापौर गोविंद सिंह टॉक द्वारा दिए गए।

1.25 करोड़ रूपया खर्च करेगा नगर निगम

नगर निगम मेला प्रशासनीक समिति की बैठक में उप महापौर पारस सिंघवी द्वारा मेले को भव्यता से मनाने का प्रस्ताव रखा। सिंघवी ने कहा प्रसिद्ध कलाकार नहीं आने के कारण मेला अपनी रंगत में नजर नहीं आता है। इसलिए किसी भी तरह की कमी नहीं रखते हुए मेले को भव्य रूप से आयोजित किया जाए। उप महापौर ने महापौर से मेले को लेकर विशेष बजट जारी करने की अपील भी की, जिस पर महापौर ने मांग को स्वीकार करते हुए इस वर्ष मेले का बजट 1.25 करोड़ रूपया रखने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया l।

आएंगे प्रसिद्ध कलाकार

दीपावली मेले की तैयारी को लेकर आयोजित हुई मेला प्रशासनिक समिति की बैठक में सर्व सम्मति से तय किया गया कि इस वर्ष मेले को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा साथ ही मेले में प्रसिद्ध गायक कलाकारों, डांसर, कॉमेडी, भजन गायक एवं कवियों को बुलाया जाएगा जिससे शहर वासियों का मनोरंजन ढंग से हो सके। 

स्थानीय कलाकारों से मांगे आवेदन

निगम परिसर में लगने वाला मेला इस वर्ष भी 15 दिन का आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रथम 2 दिन स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से उन्हें मौका दिया जाएगा जिससे वो अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित कर अपना भविष्य संवार सके।

मेले में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रथम दो दिन 21 व 22 अक्टूबर को स्थानीय प्रतिभाओं द्वारा नृत्य, संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगें। इसमें भाग लेने वाले इच्छुक प्रतिभागी / कलाकार दिनांक 15 अक्टूबर तक नगर निगम की राजस्व शाखा से आवेदन निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र उसी दिन 15 अक्टूबर को सायं 4.00 बजे तक जमा भी कराने होंगे। इसके पश्चात आए आवेदन पर विचार नही किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों को नगर निगम द्वारा पृथक से सूचित किया जायेगा। भाग लेने वाले इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित दिनांक तक अपने आवेदन आवश्यक रूप से जमा करावे, निर्धारित समयावधि समाप्ति पश्चात् आवेदन स्वीकार नहीं किये जायेंगें।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News