Udaipur Times, Exhibition News: उदयपुर के बागोर की हवेली की सदियों पुरानी पत्थर-दीवारों के बीच मंगलवार को रंगों ने गांव की ऐसी कहानी कहना शुरू की, जिसमें मिट्टी की सोंधी सुगंध है, खेतों की हरियाली है, तपती धूप में श्रम की चमक है और लोकजीवन की सहज मुस्कान भी।
पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की कला वीथी आर्ट गैलरी में गुजरात के प्रतिष्ठित चित्रकार प्रदीप दोशी की तीन दिवसीय (17 से 19 नवंबर तक) एकल चित्र प्रदर्शनी ‘ग्राम्य जीवन’ का शुभारम्भ हुआ।
गुजरात स्टेट ललितकला अकादमी के सहयोग से आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट एवं न्यूज एडिटर राकेश शर्मा ‘राजदीप’ तथा विशिष्ट अतिथि ख्यात प्रस्तर शिल्पी हेमंत जोशी ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर कला, लोक-संस्कृति और ग्रामीण जीवन की संवेदनाओं को चित्रों के माध्यम से सहेजने के प्रयास को सराहा गया।
प्रदर्शनी में सजे दोशी के कैनवास केवल ग्रामीण दृश्यों का चित्रांकन नहीं हैं, बल्कि वे उस जीवन-दृष्टि का संवेदनशील दस्तावेज हैं, जिसमें धरती मां भी है, रोजी-रोटी भी और पीढ़ियों की स्मृतियों का आधार भी। कहीं खेत की मेड़ों पर झुकते श्रमिक हाथ हैं, कहीं पशुधन के साथ लौटते ग्रामीणों की थकी मगर संतुष्ट आंखें हैं; कहीं लोकवस्त्रों की रंगत है तो कहीं बच्चों की निष्कलुष हंसी में गांव का भविष्य झलकता है।
चित्रों में चौपाल की आत्मीयता, ऋतुओं का बदलता स्वरूप, खेतों की नमी, स्त्रियों का श्रम-सौंदर्य और ग्रामीण परिवारों की सहज आत्मनिर्भरता दर्शकों को ठहरकर देखने के लिए विवश करती है। रंगों का संयम, रेखाओं की सहजता और विषयों की आत्मीयता प्रदीप दोशी की कला-भाषा को अलग पहचान देती है।
गुजरात राज्य के ‘बेस्ट टीचर अवॉर्ड’ से सम्मानित प्रदीप दोशी गांव को किसी दूरस्थ दृश्य की तरह नहीं, बल्कि अपनेपन से भरे जीवंत संसार की तरह रचते हैं। उनके चित्रों में श्रम केवल दिनचर्या नहीं, स्वाभिमान है; लोकवस्त्र केवल परिधान नहीं, सांस्कृतिक पहचान हैं; और प्रकृति केवल पृष्ठभूमि नहीं, ग्रामीण परिवार की सहभागी सदस्य बनकर उपस्थित है।
इस अवसर पर डॉ.सुनील निमावत, सुनील टांक, प्रदीप मेघवाल सहित कई कला प्रेमी उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रातः 11 से सायं 7 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। कला-प्रेमियों, विद्यार्थियों, पर्यटकों और लोक-संस्कृति के अध्येताओं के लिए ‘ग्राम्य जीवन’ अपनी जड़ों की ओर लौटने वाला एक आत्मीय रंग-निमंत्रण है।