बागौर की हवेली में रुस्टर पेंटिंग्स प्रदर्शनी का शुभारंभ
अहमदाबाद के कलाकार राजेश बरैया की रुस्टर पेंटिंग्स की एकल प्रदर्शनी
उदयपुर 11 अक्टूबर 2024। बागौर की हवेली स्थित कलावीथी में अहमदाबाद के कलाकार राजेश बरैया की रुस्टर पेंटिंग्स की एकल प्रदर्शनी का शुभारंभ आज शुक्रवार को हुआ।
प्रदर्शनी का शुभारंभ कश्ती फाउंडेशन प्रमुख श्रद्धा मुर्डिया, वास्तुविद सुनील एस. लड्ढा और प्रस्तर शिल्पकार हेमंत जोशी द्वारा किया गया। इस दौरान अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और पेंटिंग्स की विषयवस्तु तथा सौंदर्य की सराहना की।
चित्रकार राजेश बरैया ने बताया कि कृतियों में मुर्गे को दर्शाया गया है, जो इस चुंबकीय पक्षी की एक रंगीन प्रस्तुति है। उन्होंने कहा कि यह सूर्योदय और आशा भरी सुबह का प्रतीक है। शीर्षक से भी 'ताल और धुन' का पता चलता है, जो रंग और रूप का एक सुंदर तालमेल है।
उल्लेखनीय है कि कलाकार राजेश बरैया अहमदाबाद के सेठ सी.एन. कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स नामक एक प्रसिद्ध कला संस्थान में व्याख्याता हैं। यह प्रदर्शनी गुजरात राज्य ललितकला अकादमी के सहयोग से आयोजित की गई है।
इस अवसर पर चित्रकार राहुल माली, डॉ चित्रसेन, सूरज सोनी, रंगकर्मी दीपक दीक्षित, विनय दवे, श्रीनिवासन अय्यर, सुरेश पालीवाल, डिंपल, संदीप मेघवाल, ललित शर्मा आदि मौजूद रहे।
